Tuesday, July 11, 2017

अब डाकघर में भी होंगे आधार कार्ड अपडेट, जोधपुर प्रधान डाकघर में हुआ शुभारम्भ


आधार कार्ड में अपडेशन अब डाकघर में आसानी से हो सकेगा। इसी क्रम में राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के प्रथम आधार अपडेशन सेन्टर का शुभारम्भ राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री वी.सी. राय और निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव द्वारा 10 जुलाई, 2017 को  जोधपुर प्रधान डाकघर में  किया गया। प्रथम ग्राहक के रूप में पाल रोड स्थित गोपाल लाल शर्मा ने अपने आधार कार्ड अपडेट हेतु आवेदन किया।
इस अवसर पर पोस्टमास्टर जनरल श्री राय ने कहा कि इस आधार अपडेशन सेन्टर पर फिलहाल शहरवासियों को अपने आधार कार्ड के डेटा को अपडेट करवाने की सुविधा मिलेगी और इस सेन्टर को जल्द ही आधार एनरॉलमेन्ट सेन्टर के रूप में अपग्रेड कर दिया जायेगा। 
इस अवसर पर राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाकघरों के माध्यम से आधार कार्ड अपडेट करने में लोगों का डेटा भी सुरक्षित हाथों में होगा। डाक निदेशक श्री यादव ने बताया कि पायलट फेज में राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के जोधपुर, जैसलमेर, नागौर, पाली और श्रीगंगानगर स्थित प्रधान डाकघरों में आधार एनरॉलमेन्ट सेन्टर और 557 विभागीय डाकघरों में आधार अपडेशन सेन्टर आरम्भ किये जाने का प्रस्ताव है।
 डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि आधार अपडेशन सेंटर में नागरिकों को अपने नाम, पते, उम्र, जन्मतिथि, लिंग, मोबाईल नंबर, ई-मेल आईडी इत्यादि अपडेट कराने हेतु 25 रूपये शुल्क देना होगा। अपडेशन के लिए नागरिकों को एक निर्धारित फार्म भरकर जरूरी दस्तावेजों सहित डाकघर में उपस्थित होकर जमा कराना होगा। आधारकार्ड के कलर प्रिन्ट हेतु 20 रूपये तथा ब्लैक एण्ड व्हाईट प्रिंट के लिए 10 रूपये शुल्क देना होगा।

गौरतलब है कि आधारकार्ड धारकों के यूआईडी नम्बर पर सुधार और उसे अद्यतन करने की सुविधा प्रदान करने हेतु,  भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) और भारतीय डाक विभाग  के मध्य समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ  है।
इस अवसर पर प्रवर डाक अधीक्षक जोधपुर श्री बी. आर. सुथार,  सहायक निदेशक श्री ईशराराम, सीनियर पोस्टमास्टर श्री एस.एल. मीणा, सहायक अधीक्षक श्री राजेन्द्र सिंह भाटी, श्री सुदर्शन सामरिया, श्री विनय खत्री, यूआईडीएआई के श्री जय प्रकाश गुप्ता, निरीक्षक डाक श्री पारस मल सुथार, संदीप मोदी के अलावा तमाम अधिकारी-कर्मचारी व नागरिकजन उपस्थित थे। 







Monday, July 10, 2017

सावन में घर बैठे स्पीड पोस्ट से पाएँ काशी विश्वनाथ मंदिर और महाकालेश्वर मंदिर का प्रसाद

सावन के महीने में भगवान शंकर की पूजा और उनके प्रसाद की बड़ी महिमा है। अक्सर लोगों की इच्छा होती है कि काश घर बैठे ही उन्हें बाबा भोलेनाथ का प्रसाद मिल सके। ऐसे में डाक विभाग ने इस बात के प्रबन्ध किये हैं कि देश के किसी भी कोने में बैठे शिवभक्त दो प्रमुख ज्योतिर्लिंगों - काशी विश्वनाथ मंदिर, बनारस और महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन का प्रसाद घर बैठे स्पीड पोस्ट द्वारा ग्रहण कर सकें। 

इस संबंध में जानकारी देते हुए राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएँ कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि डाक विभाग और काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के बीच चल रहे एक एग्रीमेण्ट के तहत काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद स्पीड पोस्ट द्वारा लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके तहत 61 रूपये का ई-मनीआर्डर प्रवर डाक अधीक्षक, वाराणसी (पूर्वी), उत्तर प्रदेश के नाम भेजना होता है और बदले में वहाँ से काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के सौजन्य से मंदिर की भभूति, रूद्राक्ष, भगवान शिव की लेमिनेटेड फोटो और शिव चालीसा प्रेषक के पास प्रसाद रूप में भेज दिया जाता है। 

डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि काशी विश्वनाथ मंदिर के अलावा उज्जैन के प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर का प्रसाद भी डाक द्वारा मंगाया जा सकता है। इसके लिए मैनेजर, स्पीड पोस्ट सेण्टर, उज्जैन को 251 रूपये का ई-मनीआर्डर करना पड़ेगा और इसके बदले में वहाँ से स्पीड पोस्ट द्वारा प्रसाद भेज दिया जाता है। इस प्रसाद में 200 ग्राम ड्राई फ्रूट, 200 ग्राम लड्डू, भभूति और भगवान श्री महाकालेश्वर जी का चित्र शामिल है। 

डाक निदेशक श्री यादव ने बताया कि इस प्रसाद को प्रेषक के पास एक वाटर प्रूफ लिफाफे में स्पीड पोस्ट द्वारा भेजा जाता है, ताकि पारगमन में यह सुरक्षित और शुद्ध बना रहे। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के इन सर्वप्रमुख ज्योतिर्लिंग के दर्शन की कामना समस्त विश्व में भक्तों की होती है, लेकिन सभी के लिए यहाँ पहुँचकर भगवत आराधना करना संभव नहीं हो पाता और इसी बात को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग के माध्यम से भक्तों को शिव का सान्निध्य प्रदान करने की व्यवस्था की गई है।






Tuesday, July 4, 2017

डाक विभाग के रूरल आईसीटी प्रोजेक्ट के तहत ग्रामीण शाखा डाकघर भी हुए ऑनलाइन व हाईटेक



डाक विभाग अब गाँव में स्थित शाखा डाकघरों को भी इण्डिया पोस्ट के ''आई. टी. मॉडर्नाइजेशन प्रोजेक्ट-2012'' के तहत ''रूरल आईसीटी'' के अंतर्गत हाईटेक करने जा रहा है। इसी क्रम में राजस्थान में सिरोही डाक मंडल के अधीन माउंट आबू डाकघर में आयोजित एक कार्यक्रम में राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव ने ग्रामीण शाखा डाकघरों के पोस्टमास्टरों को “ग्रामीण सूचना एवं संचार टेक्नोलोजी” (रूरल आईसीटी) के क्रियान्वयन हेतु हैण्डहेल्ड डिवाइस प्रदान किये। डिवाइस मिलने के बाद अब ग्रामीण डाक सेवक ऑनलाइन कार्य कर सकेंगे और लेखा कार्यालय पर उनकी निर्भरता समाप्त होगी। इससे उनके कार्यों में तत्परता आएगी और सूचनाओं का आदान-प्रदान ऑनलाइन हो सकेगा।



डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि इन हैंडहेल्ड डिवाइस में मोबाइल थर्मल प्रिन्टर, स्मार्ट कार्ड रीडर, फिंगर प्रिन्ट स्कैनर, डिजिटल कैमरा एवं सिगनेचर व दस्तावेज स्कैनिंग के लिये स्कैनर सुविधा भी मुहैया कराई गई है। शाखा डाकघरों को नियमित पॉवर सप्लाई  हेतु सोलर चार्जिंग उपकरण भी मुहैया कराये गए हैं। डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि प्रोजेक्ट के प्रथम फेज में इसे राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के पाँच मंडलों-सिरोही, पाली, नागौर, बीकानेर एवं श्रीगंगानगर  में आरम्भ किया गया है।   इसके द्वारा आने वाले दिनों में ग्रामीण डाक सेवकों सहित विभाग के सभी कर्मचारियों को आई. टी. के माहौल में प्रभावकारी तरीके से कार्य करने के लिए तैयार करना है।

इस अवसर पर शाखा डाकपालों से रूबरू होते हुए निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव ने  कहा कि रूरल आईसीटी का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर विभाग के सबसे महत्वपूर्ण अंग ग्रामीण डाक सेवकों को तकनीकी सुविधाओं से लैस कर ग्रामीण भारत में नवीन टेक्नोलोजी के माध्यम से आमजन की सुविधाओं में बढ़ोतरी करना है।  यह  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के "डिजिटल इण्डिया" मिशन को भी पूरा करता है। इसके अंतर्गत सिरोही डाक मंडल के सभी 394 ग्रामीण शाखा डाकघरों को हैंडहेल्ड डिवाइस प्रदान कर ग्रामीण क्षेत्र में भी डिजिटल क्रांति का शुभारम्भ किया गया है।


मिलेंगी ये सुविधाएँ -
डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि हैण्डहेल्ड डिवाइस में सीबीएस, ई-मनीऑर्डर, एवं  नरेगा एप्प डाले हुए हैं। सीबीएस एप्प के माध्यम से शाखा डाकघरों में ही तुरंत बचत खाते, आवर्ती जमा खाते और टाइम डिपॉजिट खाते खोले जा सकते हैं और उनमें तय सीमा के अंतर्गत तुरंत लेन-देन किया जा सकता है। खाते का मिनी स्टेटमेंट भी तत्काल प्राप्त किया जा सकेगा तथा पासबुक अपडेशन की चिंता से मुक्ति मिलेगी। पहले इस कार्य के लिए सम्बंधित लेखा कार्यालय में जाने पर ग्रामीणों के खाते खुलने और लेन-देन सम्बन्धी कार्यों में देरी होती थी। इसके अलावा कोई व्यक्ति अगर ग्रामीण क्षेत्र में मनीऑर्डर भेजता है तो तत्काल वह मनीऑर्डर सम्बंधित शाखा डाकघर में पहुंचकर उसी दिन वितरित हो जायेगा। पहले यह  मनीऑर्डर लेखा कार्यालय के माध्यम से गुजरता था, जिससे देरी की सम्भावना बनी रहती थी।  मनरेगा की राशि भी शाखा डाकघरों से डिवाइस के माध्यम से  खाते में ऑनलाइन  डिपॉजिट होकर सम्बंधित हितग्राही को तुरंत प्राप्त हो जाएगी।



निकट भविष्य की सुविधाएँ-
निकट भविष्य में सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं शाखा डाकघरों के माध्यम से क्रियान्वित होने की संभावनाएं हैं, इससे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रान्सफर योजना का लाभ ग्रामीण जनता तक सरल तरीके से पहुँच पायेगा। साथ ही ये हैण्ड हेल्ड डिवाइस  मिनी एटीएम के रूप में भी कार्य करेंगी और ई-केवाईसी के माध्यम से भविष्य में घर बैठे आधार कार्ड के माध्यम से बचत खाता खुलवाया जा सकेगा।

इस अवसर पर  सिरोही डाक मंडल के अधीक्षक डाकघर श्री डी. आर. पुरोहित ने कहा कि सिरोही डाक मंडल के अंतर्गत सभी 394 शाखा डाकपालों को हैण्डहेल्ड डिवाइस चलाने की ट्रेनिंग दे दी गई है।  इससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी डाक विभाग की सेवाएँ त्वरित रूप से मिलने लगेंगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में डाक विभाग के सहायक अधीक्षक श्री बी. एस. राजपुरोहित, श्री अखाराम एवं निरीक्षक डाक श्री पारसमल सुथार, डाकपाल माउंट आबू जयंती लाल माली सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीण डाक सेवक, बचत एजेंट और सम्मानित नागरिकजन उपस्थित थे।

(Mr. Krishna Kumar Yadav, Director Postal Services, Rajasthan Western Region, Jodhpur providing Hand held devices to Branch Postmasters for roll out of Rural ICT (Information & Communication technology) in Branch Post Offices under India Post IT Modernization Project-2012)

( ग्रामीण डाकघर भी हुये हाइटेक)

(डाकघरों को किया जाएगा अपडेट, लगेंगे अत्याधुनिक उपकरण -डाक निदेशक  कृष्ण कुमार यादव)







(ग्रामीण शाखा डाकघर भी हुए हाईटेक  : डाक निदेशक के. के. यादव ने शाखा डाकपालों को दी हैण्डहेल्ड डिवाइस) 


ग्रामीण  शाखा डाकघर  होंगे अब ऑनलाइन

               हैण्डहेल्ड डिवाइस के माध्यम से शाखा डाकघर बनेंगे ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल क्रांति के वाहक

गाँव के  डाकघर होंगे ऑनलाइन

ग्रामीण  डाकघर भी अब होंगे ऑनलाइन

Monday, July 3, 2017

21वीं सदी में बेटियों की भूमिका अहम – डाक निदेशक कृष्ण कुमार यादव

आज का दौर बेटियों का है। बेटियाँ समाज में नित नये मुकाम हासिल कर रही हैं। बेटियों की समृद्धि और खुशहाली में ही समाज का भविष्य टिका हुआ है। इसीलिए बेटियों की उच्च शिक्षा और उनके विवाह में सुविधा के लिए 10 वर्ष तक की बेटियों हेतु डाकघरों में सुकन्या समृद्धि योजना आरंभ की गयी है। उक्त उदगार राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने ओरिया (माउंट आबू) में सुकन्या समृद्धि योजना के लिये आयोजित मेले में 30 जून, 2017 को व्यक्त किये।
राजस्थान के सिरोही जिले में स्थित ओरिया  (माउंट आबू) में आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अपने सारगर्भित सम्बोधन में राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के अंतर्गत बालिकाओं  के राष्ट्र निर्माण पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना सिर्फ निवेश का एक माध्यम नहीं है, बल्कि यह बालिकाओं के उज्ज्वल व समृद्ध भविष्य से भी जुड़ा हुआ है। इस योज़ना के आर्थिक के साथ साथ सामाजिक आयाम भी महत्वपूर्ण हैं। इसमे जमा धनराशि पूर्णतया बेटियों के लिए ही होगी, जो उनकी शिक्षा, कैरियर  एवं विवाह में उपयोगी होगी।


डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग का उद्देश्य समावेशी विकास के तहत शहरों के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण अंचल स्थित लोगों को सभी योजनाओं के तहत लाना है।  देश में मुख्यधारा से वंचित लोगों व उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से आरम्भ अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन में भी डाकघरों द्वारा एक मुख्य व सक्रिय भूमिका का निर्वहन किया जा रहा है। श्री यादव ने डाकघर में खुले समस्त खातों को आधार और मोबाईल नंबर से जोड़ने पर भी जोर दिया, जिससे  भविष्य मे आने वाली सभी सरकारी योजनाओं का लाभ ग्राहकों को मिल सके। मोबाईल नंबर को खातों मे जुडवाने से  प्रत्येक जमा एवं निकासी की सूचना एसएमएस द्वारा उनके मोबाईल पर आ जाएगी।

इस अवसर पर सिरोही मण्डल के अधीक्षक डाकघर श्री डी. आर. पुरोहित ने कहा कि सिरोही डाक मंडल में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत कुल 28000 खाते खोले जा चुके है तथा छः गाँवों को सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि गाँव  घोषित किया जा चुका हैं, जिसमे माउंट आबू क्षेत्र के ओरिया गाँव को  छठा सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि गाँव घोषित किया गया | इस दौरान ओरिया गाँव की समस्त 10 वर्ष तक की योग्य 103 बालिकाओं के खाते खोले गये। उपस्थित बच्चियों को निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने पासबुकें देकर उनके सुखी व समृद्ध भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर स्वागत संभाषण सहायक अधीक्षक डाक  बी. एस. राजपुरोहित  द्वारा, आभार ज्ञापन डाक निरीक्षक पारस मल सुथार  द्वारा व कार्यक्रम का संचालन सहायक अधीक्षक अखाराम द्वारा किया गया| इस अवसर पर डाकपाल माउंट आबू जयंतीलाल माली, शाखा डाकपाल ओरिया दीपक कुमार, मूल सिंह, देवा राम  तथा डाक विभाग के तमाम अधिकारी - कर्मचारियों के साथ ओरिया ग्राम पंचायत के निवासी, स्कूली बच्चे और उनके अभिभावक व अध्यापक भी शामिल हुए।