Showing posts with label CSI. Show all posts
Showing posts with label CSI. Show all posts

Tuesday, January 1, 2019

Postal Services in Lucknow, Uttar Pradesh : लखनऊ में डाक सेवाओं में हुई तमाम नई पहल

वक़्त के साथ भारतीय डाक विभाग में तमाम परिवर्तन आये हैं।  चिट्ठी-पत्री और मनीऑर्डर के लिए जाने जाने वाला डाक विभाग आज बैंकिंग और ई-कॉमर्स के क्षेत्र में भी प्रवेश कर चुका है। संचार के बदलते साधनों के साथ पहले फोन, फिर ई-मेल और अब सोशल मीडिया ने पत्रों की दुनिया को सीमित कर दिया, ऐसे में बदलती टेक्नॉलाजी के साथ डाकघरों में भी व्यापक परिवर्तन हुए। लखनऊ (मुख्यालय) परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि, भारतीय डाक की पहुँच सर्वत्र है और भारत सरकार भी इस नेटवर्क को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति को जोड़ने हेतु इस्तेमाल करना चाहती है। ऐसे में राजधानी लखनऊ में भी डाक सेवाओं ने वर्ष 2018 में तमाम नई पहल की हैं -
इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक -
डाक विभाग अपनी बचत बैंक और बीमा सेवाओं को ऑनलाइन करने के बाद अब इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से बैंकिंग क्षेत्र में कदम रख चुका है। लखनऊ जीपीओ में गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 1 सितंबर को इसका उद्घाटन किया। देश भर में सभी जिलों में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की 650 शाखाओं और 3250  सेवा केंद्रों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति का बैंक खाता खोलने के लिए केंद्र सरकार ने पहल की है, जिससे साल के अंत तक सभी डाकघरों को जोड़ दिया जायेगा। लखनऊ के 276 डाकघर इससे जुड़ रहे हैं। लखनऊ (मुख्यालय) परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि नए वर्ष में लखनऊ के सभी डाकघरों से इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की सुविधा मिलने लगेगी और  डिजिटल हो रही दुनिया में अब चिट्ठी बाँटने वाला डाकिया 'मोबाइल एप' के माध्यम से लोगों के घर पर दस्तक देगा और "आपका बैंक, आपके द्वार" की संकल्पना को साकार करेगा।

डाकघर खाताधारकों को भी नेट बैंकिंग की सुविधा -
डाकघरों में कोर बैंकिंग के बाद अब  बचत खाताधारक नेट बैंकिंग के द्वारा भी अपने खातों में लेनदेन कर सकेंगे। यह सेवा दिसंबर माह में ही आरम्भ की गई है। लखनऊ में 11 लाख 15 हजार खाता धारक हैं। 

आधार नामांकन सुविधा -
जनसामान्य को आधार के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए लखनऊ के 67 डाकघरों में आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।  जिसके तहत औसतन प्रतिमाह 6,000 आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन किये गए।

डिजिटल इण्डिया अभियान : लखनऊ के डाकघर भी अब कोर सिस्टम इंटीग्रेटर (CSI) से जुड़े
भारत सरकार के डिजिटल इण्डिया अभियान से अब डाकघर भी जुड़ रहे हैं।  लखनऊ जीपीओ सहित लखनऊ के 120 विभागीय डाकघर,  20 नवम्बर 2018 को कोर सिस्टम इंटीग्रेटर से जुड़ गए।  लखनऊ (मुख्यालय) परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवायें  कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि  डाकघरों में बुकिंग, वितरण, बचत व बीमा सम्बन्धी विभिन्न कार्यों  के लिए अभी भिन्न-भिन्न  साॅफ्टवेयरों  का इस्तेमाल किया जाता था । इन सभी को एक ही प्लेटफार्म पर लाने से त्वरित और सुव्यवस्थित कार्य होगा।  इस प्रणाली से विभाग के कर्मचारियों के सभी रिकार्ड जैसे कर्मचारियों की उपस्थिति, व्यक्तिगत डाटा, सर्विस बुक, कर्मचारियों की छुट्टी आदि कार्य आनलाइन हो गया है। 

ग्रामीण शाखा डाकघर भी हो रहे हाई-टेक
 डिजिटल भारत के तहत डाक विभाग ने लखनऊ के ग्रामीण डाकघरों को भी हाईटेक बनाने की तरफ कदम उठाये। इसके तहत  'दर्पण'  प्रोजेक्ट के अंतर्गत  लखनऊ में स्थित  157 शाखा डाकघरों को ऑनलाइन और डिजिटल बनाने के लिए सोलर चार्जिंग उपकरणों से जोडने के साथ-साथ मोबाइल थर्मल प्रिन्टर, स्मार्ट कार्ड रीडर, फिंगर प्रिन्ट स्कैनर, डिजिटल कैमरा एवं सिगनेचर व दस्तावेज स्कैनिंग के लिये यन्त्र भी मुहैया कराए गए हैं  ताकि ग्रामीण लोगों को इन सुविधाओं के लिये शहरों की तरफ न भागना पडे और घर बैठे ही वे अपना भुगतान प्राप्त कर सकें।

अब स्पीड पोस्ट की सुविधा गाँव के शाखा डाकघरों से भी -
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अब स्पीड पोस्ट की बुकिंग  के लिए शहर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। नए साल से अपने गाँव में स्थित शाखा डाकघर से ही वे स्पीड पोस्ट की बुकिंग करा सकेंगे। इससे उन तमाम बेरोजगारों को फायदा होगा, जो प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्पीड पोस्ट करने शहर के डाकघरों में आते हैं।  इससे उनका समय और पैसा दोनों ही बचेगा। यही नहीं अब ग्रामीण लोग शाखा डाकघर में अपने डाक जीवन बीमा की राशि भी सीधे अपनी पॉलिसी में जमा कर सकेंगे। निदेशक डाक सेवायें कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इसके लिए इस साल के अंत तक लखनऊ के 121 शाखा डाकघरों को कोर सिस्टम इंटीग्रेटर से जोड़ दिया जायेगा, जिससे ये भी शहरी डाकघरों की तरह काम करने लगेंगे।
ई-कॉमर्स पार्सल सेंटर -
ई-कॉमर्स के दौर में डाक विभाग ने ऑनलाइन मंगाये जा रहे पार्सल्स के मद्देनजर लखनऊ जीपीओ कैम्पस में 'ई-कॉमर्स पार्सल सेंटर' आरम्भ किया, जिसका उद्घाटन संचार राज्य (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री श्री मनोज सिन्हा ने 9 अप्रैल, 2018 को किया। नापतौल और अमेजन जैसी बड़ी कंपनियों के पार्सल्स की प्रोसेसिंग यहीं से होती है।

प्रधान डाकघरों से एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट और पंखों की  बिक्री
अब डाकघर बिजली बचाने में भी योगदान देंगे। लखनऊ जीपीओ और चौक प्रधान डाकघर के डाक घरों से विश्व डाक दिवस पर 9 अक्टूबर को  एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट और पंखों की बिक्री आरम्भ की गई। इसे अन्य डाकघरों के माध्यम से भी क्रियान्वित किया जायेगा।
लखनऊ जीपीओ को स्वच्छ्तम डाकघर का अवार्ड-
उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मियों को उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाईक ने लखनऊ जीपीओ में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रीय डाक सप्ताह के समापन अवसर पर 15 अक्टूबर, 2018 को ‘डाक सेवा अवार्ड-2018’ से सम्मानित किया।  लखनऊ जीपीओ को जहाँ स्वच्छ्तम डाकघर का अवार्ड मिला, वहीं जीपीओ के पोस्टमैन भरत सिंह को बेस्ट पोस्टमैन का अवार्ड मिला।
डाक विभाग दिनों-ब-दिन अपने को अद्यतन कर रहा है, चाहे वह सेवाओं का मामला हो या टेक्नालॉजी का। डाक विभाग ने इस वर्ष बैंकिंग और ई-कॉमर्स के क्षेत्र में प्रवेश किया है। नव वर्ष  में डाक विभाग अपने ग्राहकों को लखनऊ के सभी डाकघरों से इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की सुविधा और गाँव के शाखा डाकघरों में भी स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराकर सौगात देगा। लखनऊ का डाक सेवाओं के मामले में अग्रणी स्थान है और डाकघर लोगों की जरूरतों के मुताबिक सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। 
-कृष्ण कुमार यादव, 
निदेशक डाक सेवाएं, 
लखनऊ (मुख्यालय) परिक्षेत्र



राजधानी लखनऊ में डाक सेवाओं में हुई तमाम नई पहल, डाक विभाग ने बैंकिंग और ई-कॉमर्स के क्षेत्र में किया प्रवेश- डाक निदेशक केके यादव 


Wednesday, December 5, 2018

DARPAN CSI inaugurated by Director Postal KK Yadav in Sitapur Postal Division

गाँवों में स्थित शाखा डाकघर भी अब हाईटेक व डिजिटल बनेंगे। डिजिटल इण्डिया अभियान से अब ग्रामीण शाखा डाकघर भी जुड़ेंगे। दर्पण प्रोजेक्ट के तहत इन्हें भी अब नई टेक्नालॉजी से जोड़ते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाया जायेगा। उक्त उद्गार बतौर मुख्य अतिथि श्री कृष्ण कुमार यादव, निदेशक डाक सेवाएं लखनऊ (मुख्यालय) परिक्षेत्र, उ.प्र. ने  सीतापुर डाक मंडल में दर्पण परियोजना के तहत कोर सिस्टम इंटीग्रेटर ऐप  रोलऑउट का शुभारम्भ करते हुए 4  दिसंबर, 2018 को व्यक्त किये। शाखा डाकघर खगेसियामऊ में आयोजित कार्यक्रम में श्री यादव ने ग्राहकों को दर्पण सी.एस.आई जनरटेड रसीद भी प्रदान किया। इसी के साथ लखनऊ परिक्षेत्र में इसे लागू करने वाला सीतापुर पहला जिला बन गया। चरणबद्ध रूप में 31 दिसंबर को इसे लखनऊ जिले  के शाखा डाकघरों में भी क्रियान्वित किया जायेगा।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग का उद्देश्य समावेशी विकास के तहत शहरों के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण अंचल स्थित लोगों को भी सभी सेवाएं प्रदान करना है। शाखा डाकघरों में पंजीकृत पत्रों व पार्सल बुकिंग, इलेक्ट्रानिक मनीऑर्डर, बचत बैंक व ग्रामीण डाक जीवन बीमा प्रीमियम व लोन इंस्टॉलमेंट सम्बन्धी विभिन्न कार्यो के लिए अभी तक उप डाकघरों या प्रधान डाकघरों पर निर्भरता थी, पर अब शाखा डाकघर खुद ही ये कार्य डिवाइस के माध्यम से संचालित कर सकेंगे। ग्रामीण डाक जीवन बीमा का प्रीमियम शाखा डाकघरों में अब सीधे ही पॉलिसी में जमा हो सकेगा। 
डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा भी शाखा डाकघरों में उपलब्ध होगी, जो कि पहले मात्र उपडाकघरों या प्रधान डाकघर में ही थी। डाक वितरण को प्रभावी बनाने हेतु बल्क डिलीवरी की सुविधा भी दी गई है। कैश, डाक टिकट और अन्य मदों की आपूर्ति के लिए ब्रांच पोस्टमास्टर सी.एस.आई  ऐप के माध्यम से किसी भी समय अनुरोध भेज सकेगा। यही नहीं, गाँवों में स्थित ब्रांच पोस्टमास्टर अब इसके माध्यम से ही अवकाश के लिए भी आवेदन कर सकेंगे और अपना पे-रोल भी देख सकेंगे। 

डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया  कि दर्पण  प्रोजेक्ट  के तहत  शाखा डाकघरों में हैण्डहेल्ड डिवाइस प्रदान किये गए हैं।  इसके तहत  शाखा डाकघरों को सोलर चार्जिंग उपकरणों से जोडने के साथ-साथ मोबाइल थर्मल प्रिन्टर, स्मार्ट कार्ड रीडर, फिंगर प्रिन्ट स्कैनर, डिजिटल कैमरा एवं सिगनेचर व दस्तावेज स्कैनिंग के लिये यन्त्र भी मुहैया कराये गए हैं,  ताकि ग्रामीण लोगों को इन सुविधाओं के लिये शहरों की तरफ न भागना पडे और गाँव में ही वे तमाम सुविधाएँ पा सकें। 

सीतापुर मंडल के अधीक्षक डाकघर एच. के यादव ने कहा कि इससे  त्वरित और सुव्यवस्थित कार्य होगा तथा हम ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होंगे। सम्बंधित लेखा कार्यालय भी शाखा डाकघरों के कार्य पर ऑनलाइन रूप में सतत निगरानी रख सकेंगे। 

इस अवसर पर सहायक डाक अधीक्षक विकास मिश्रा, संदीप चौरसिया, डाक निरीक्षक जेपी त्रिवेदी, मो. इकबाल, शाखा डाकपाल श्रीमती मंजू मिश्रा  सहित तमाम स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और अधिकारी  उपस्थित रहे।










Friday, November 23, 2018

उत्तर प्रदेश के सभी डाकघर अब कोर सिस्टम इंटीग्रेटर (CSI) से जुड़े

 उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल के सभी डाकघर अब कोर सिस्टम इंटीग्रेटर (सीएसआई) से जुड़ गये हैं। लखनऊ डाक मंडल और लखनऊ जीपीओ द्वारा अंतिम चरण में 20 नवम्बर 2018 को इससे जुड़ने के बाद उत्तर प्रदेश की सभी 68 इकाईयां अपने 2301 डाकघरों के माध्यम से टेक्नालॉजी के नए दौर में प्रवेश कर चुकी हैं। डाकघरों में कोर बैकिंग, कोर इंश्योरेंस और दर्पण प्रोजेक्ट के बाद आईटी आधुनिकीकरण परियोजना के भाग के रूप में कोर सिस्टम इंटीग्रेटर (सीएसआई) का आरम्भ किया हैे । संचार क्रांति के इस दौर में अब डाकघर अद्यतन टेक्नालॉजी के साथ नई इबारत लिखने को तैयार हैं। सीएसआई प्रोजेक्ट लागू होने से सभी सेवाओं के लिए एक काॅमन प्लेटफार्म उपलब्ध होगा जिसके द्वारा ग्राहकों को अच्छी और त्वरित सेवाएं मिलेगी । उक्त उद्गार बतौर मुख्य अतिथि श्री वी.पी. सिंह, चीफ पोस्टमास्टर जनरल, उत्तर प्रदेश परिमण्डल ने 20 नवम्बर 2018 को चौक प्रधान डाकघर लखनऊ में “कोर सिस्टम इंटीग्रेटर“ का शुभारम्भ करते हुए व्यक्त किये । इस अवसर पर चीफ पोस्टमास्टर जनरल  ने ग्राहकों को स्पीड पोस्ट बुकिंग की सीएसआई जनरेटेड रसीद भी दिया । 

लखनऊ (मुख्यालय) परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवायें श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि भारत सरकार के डिजिटल इण्डिया अभियान से अब डाकघर भी जुड़ रहे हैं। डाकघरों में बुकिंग, वितरण, बचत व बीमा सम्बन्धी विभिन्न कार्यों  के लिए अभी भिन्न-भिन्न  साॅफ्टवेयरों  का इस्तेमाल किया जाता है । इन सभी को एक ही प्लेटफार्म पर लाने से त्वरित और सुव्यवस्थित कार्य होगा।  इस प्रणाली से विभाग के कर्मचारियों के सभी रिकार्ड जैसे कर्मचारियों की उपस्थिति, व्यक्तिगत डाटा, सर्विस बुक, कर्मचारियों की छुट्टी आदि कार्य आनलाइन हो जाएगा। कर्मचारियों के सभी कार्यो की प्रगति विभाग के शीर्ष अधिकारी भी आनलाइन देख सकते है। 
श्री यादव ने  बताया कि हर स्तर पर कोर सिस्टम इंटीग्रेटर लागू हो जाने के बाद डाक विभाग पूरी तरह  मेल आपरेशन, वित्त व लेखा, इन्वेंटरी प्रक्योरमेंट, एच.आर, और पे-रोल जैसे तमाम कार्य कोर सिस्टम इंटीग्रेशन के माध्यम से सम्पन्न होंगे । श्री यादव ने कहा कि इससे भविष्य में प्रशासन की गतिविधियों जैसे भर्ती, प्रशिक्षण, पदोन्नति, वेतन और प्रदर्शन प्रबंधन में सुधार होगा। कॉल सेंटर, वेब पोर्टल और मोबाइल डिवाइसेज के माध्यम से ग्राहक सेवा प्रदान करने के साथ यह डाकघर काउंटरों की कार्यात्मकताओं को भी बढ़ाएगा और डाकघरों को पेपरलेस बनाएगा। 

प्रवर डाक अधीक्षक लखनऊ मंडल शशि कुमार उत्तम ने बताया कि कोर सिस्टम इंटीग्रेटर के लिए टी. सी. एस. द्वारा सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है और इसके लिए स्टाफ को भलीभाँति ट्रेनिंग भी दी गई है, ताकि वे इसे सुचारु रूप से क्रियान्वित कर सकें। 

इस अवसर पर लखनऊ (मुख्यालय) परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री राजकुमार महाराज, निदेशक मुख्यालय श्री राजीव उमराव, सहायक पोस्टमास्टर जनरल एच.के.मिश्रा, सहायक निदेशक आर.एन.यादव, भोला शाह, ए.बी.सिंह  व सीनियर पोस्टमास्टर प्रधान डाकघर चौक एस.आर.गुप्ता सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।







Tuesday, July 17, 2018

कोर सिस्टम इंटीग्रेटर का डाक निदेशक केके यादव ने फ़ैजाबाद में किया शुभारम्भ, शीघ्र ही लखनऊ के डाकघरों में भी होगा लागू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के डिजिटल इण्डिया अभियान से अब डाकघर भी जुड़ेंगे। डाकघरों में कोर बैंकिंग, कोर इंश्योरेंस और दर्पण प्रोजेक्ट के बाद आईटी आधुनिकीकरण परियोजना के भाग के रूप में कोर सिस्टम इंटीग्रेटर (सीएसआई) आरम्भ किया है। सीएसआई  प्रोजेक्ट लागू होने से सभी सेवाओं के लिए एक कॉमन प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा जिसके द्वारा ग्राहकों को अच्छी और त्वरित सेवाएं मिलेंगी। 
उक्त उद्गार बतौर मुख्य अतिथि श्री कृष्ण कुमार यादव, निदेशक डाक सेवाएं, लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र  ने 10  जुलाई, 2018 को फैजाबाद  प्रधान डाकघर में "कोर सिस्टम इंटीग्रेटर" का शुभारम्भ करते हुए व्यक्त किये। श्री यादव ने कहा कि शीघ्र ही इसे लखनऊ जीपीओ और लखनऊ मंडल के सभी डाकघरों में भी लागू किया जायेगा।  
कार्यक्रम के आरम्भ में डाक निदेशक श्री यादव ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर फैजाबाद  प्रधान डाकघर में "कोर सिस्टम इंटीग्रेटर" का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर श्री यादव ने तमाम ग्राहकों को स्पीड पोस्ट बुकिंग की सीएसआई जनरेटेड रसीद भी दिया। 
 डाक निदेशक श्री  कृष्ण कुमार यादव ने कहा  कि डाकघरों में बुकिंग, वितरण, बचत व बीमा सम्बन्धी विभिन्न कार्यों के लिए अभी भिन्न-भिन्न सॉफ्टवेयरों का इस्तेमाल किया जाता है।  इन सभी को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने से त्वरित और सुव्यवस्थित कार्य होगा तथा हम ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होंगे।
लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि हर स्तर पर कोर सिस्टम इंटीग्रेटर लागू हो जाने के बाद डाक विभाग पूरी तरह से पेपरलेस (कागज रहित) कार्य करने वाला  सरकारी विभाग बन जाएगा। मेल ऑपरेशन, वित्त व् लेखा, इन्वेंटरी प्रक्योरमेंट, एच.आर. और पे-रोल जैसे तमाम कार्य कोर सिस्टम इंटीग्रेशन के माध्यम से संपन्न होंगे। विभाग के सभी कागजात, कर्मचारियों की उपस्थिति, पर्सनल डाटा, सर्विस बुक, कर्मचारियों की छुट्टी आदि कार्य आनलाइन हो जाएगा। कर्मचारियों के सभी कार्यों की प्रगति विभाग के शीर्ष अफसर भी आनलाइन देख सकते हैं। कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के निदान के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी शिकायत/निवेदन करना होगा। साथ ही ग्राहक भी अपने घर बैठे अपनी सभी समस्याओं का निदान डाकघर की वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे। 
श्री यादव ने कहा कि इससे भविष्य में प्रशासन की गतिविधियों जैसे भर्ती, प्रशिक्षण, पदोन्नति, वेतन और प्रदर्शन प्रबंधन में सुधार होगा। कॉल सेंटर, वेब पोर्टल और मोबाइल डिवाइसेज के माध्यम से ग्राहक सेवा प्रदान करने के साथ यह डाकघर काउंटरों की कार्यात्मकताओं को भी बढ़ाएगा और डाकघरों को पेपरलेस बनाएगा। 

फैजाबाद  मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर जे.बी. दुर्गापाल ने कहा कि कोर सिस्टम इंटीग्रेटर के लिए टी. सी. एस. द्वारा सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है और इसके लिए स्टाफ को भलीभाँति ट्रेनिंग भी दी गई है, ताकि वे इसे सुचारु रूप से क्रियान्वित कर सकें। 





फैजाबाद  प्रधान डाकघर में "कोर सिस्टम इंटीग्रेटर" के  शुभारम्भ पश्चात् डाक निदेशक श्री  कृष्ण कुमार यादव ने फैज़ाबाद प्रधान डाकघर का विजिट किया और स्टाफ के साथ-साथ ग्राहकों से भी रूबरू हुए।  इस अवसर पर सीनियर पोस्टमास्टर सुरेंद्र, सहायक डाक अधीक्षक एके सिंह, आर. के यादव, मनोज कुमार, सिंकू रावत, सोने लाल, रोहित कुमार, शोभनाथ यादव, राजेश कुमार, मुख्य विपणन अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह, सुरेंद्र सिंह, गौरी शंकर सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।