Showing posts with label फिलेटली. Show all posts
Showing posts with label फिलेटली. Show all posts

Wednesday, December 8, 2021

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने 'वाराणसी के घाट' पर जारी किया पिक्चर पोस्टकार्ड और विशेष विरूपण

वाराणसी के घाटों की जगप्रसिद्ध महिमा है। यहाँ जीवन से लेकर मृत्यु तक का राग सुना जा सकता है। सिर्फ धर्म और अध्यात्म ही नहीं बल्कि ज्ञान की गंगा भी यहाँ बहती है। उक्त उद्गार वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने आजादी का अमृत महोत्सव के क्रम में 'वाराणसी के घाट' पर डाक विभाग द्वारा पिक्चर पोस्टकार्ड का अनावरण और विशेष विरूपण जारी करते हुए व्यक्त किये। प्रयाग फिलेटलिक सोसाइटी, इलाहाबाद के तत्वावधान में 4 दिसंबर, 2021 को  वाराणसी प्रधान डाकघर में आयोजित कार्यक्रम में पोस्टमास्टर जनरल ने प्रवर डाक अधीक्षक राजन राव, गंगा सेवा निधि ट्रस्ट बोर्ड के सचिव हनुमान यादव, सीनियर पोस्टमास्टर चंद्रशेखर सिंह बरुआ, प्रयाग फिलेटलिक सोसाइटी के संयोजक राहुल गांगुली संग उक्त पिक्चर पोस्टकार्ड का अनावरण किया।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि काशी में जीवनदायिनी गंगा नदी के किनारे अर्द्धचन्द्राकार में फैले हुए इन घाटों पर प्राचीन काल से ही भारतीय संस्कृति विकसित हुई है। ये घाट काशी के वैभव और विरासत को सहेजते हैं। ऐसे में डाक विभाग द्वारा इन पर जारी पिक्चर पोस्टकार्ड राष्ट्रीय -अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इसे नए आयाम देंगे। श्रद्धालुओं, फिलेटलिस्ट, पर्यटकों, युवाओं, आमजन के साथ-साथ वाराणसी की विरासत को सहेजने वाले शोधार्थी भी इसे महत्वपूर्ण पाएंगे।

गंगा सेवा निधि ट्रस्ट बोर्ड के सचिव हनुमान यादव ने कहा कि गंगा घाट पर नित्य शाम होने वाली गंगा आरती की आकर्षक छटा इसे दिव्यता प्रदान करती है। देश-दुनिया से लोग आकर इसके मनोहारी दृश्य का साक्षी बनना चाहते हैं। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी ने कहा कि डाक विभाग और प्रयाग फिलेटलिक सोसाइटी की यह पहल सराहनीय है। 

वाराणसी पूर्वी मण्डल के प्रवर डाकघर अधीक्षक राजन राव ने कहा कि गंगा के किनारे कुल 88 घाट इसे जीवंतता प्रदान करते हैं। ₹ 26 में ये पोस्टकार्ड वाराणसी फिलेटलिक ब्यूरो सहित देश के अन्य ब्यूरो में भी उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रयाग फिलेटलिक सोसाइटी के संयोजक राहुल गांगुली ने अतिथियों का स्वागत, सीनियर पोस्टमास्टर चंद्रशेखर बरुआ ने आभार ज्ञापन और गणेश गंभीर ने संचालन किया।







डाक विभाग ने वाराणसी के घाट पर जारी किया पिक्चर पोस्टकार्ड और विशेष विरूपण

काशी के वैभव व विरासत को सहेजते हैं गंगा के घाट - पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

वाराणसी में गंगा घाट पर प्राचीन काल से विकसित हुई भारतीय संस्कृति -पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

Thursday, August 6, 2020

Prime Minister Modi released Stamp on Shri Ram Janmabhoomi Temple Model, Ayodhya & Special Postal Cover on Global Encyclopedia of the Ramayana

श्री राम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या के भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम को अविस्मरणीय बनाने के लिए भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा 5 अगस्त, 2020  को ‘श्री राम जन्मभूमि मंदिर के प्रतिरूप’ (Model of Shri Ram Janmabhoomi Temple, Ayodhya) पर आधारित डाक टिकट (Corporate  My Stamp) जारी किया गया। प्रधानमंत्री ने इसके साथ ही 'रामायण विश्व महाकोश' (Special Cover with Cancellation on Global Encyclopedia of the Ramayana) पर एक विशेष डाक आवरण व विरूपण भी जारी किया।  उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल श्री कौशलेन्द्र कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री को डाक टिकटों का प्रथम सेट भेंट किया। पोस्टमास्टर जनरल श्री विनोद कुमार वर्मा, निदेशक डाक सेवाएँ लखनऊ परिक्षेत्र श्री कृष्ण कुमार यादव, प्रवर अधीक्षक डाकघर, फैज़ाबाद मंडल श्री ज्ञान प्रकाश, विपणन अधिकारी सत्येन्द्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
इस डाक टिकट एवं विशेष आवरण का विमोचन भूमि पूजन कार्यक्रम के पश्चात प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत एवं श्री जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अध्यक्ष महंत श्री नृत्यगोपाल दास की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। यह कस्टमाइजड डाक टिकट और विशेष आवरण भारतीय डाक विभाग और उत्तर प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अधीन अयोध्या शोध संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में जारी किया गया।
उत्तर प्रदेश डाक परिमण्डल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल श्री कौशलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि इस कस्टमाइजड डाक टिकट की 5 हजार शीट्स मुद्रित की गयीं हैं जिनमें 60 हजार डाक टिकट उपलब्ध हैं। पोस्टमास्टर जनरल विनोद वर्मा ने बताया कि यह डाक टिकट फैज़ाबाद प्रधान डाकघर और लखनऊ जीपीओ में बिक्री के लिये उपलब्ध होंगे।
निदेशक डाक सेवाएं, लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि ‘ग्लोबल एनसाइक्लोपीडिया ऑफ़ द रामायण’ पर जारी किए गए विशेष आवरण में विभिन्न काल खंडों एवं विभिन्न देशों में मिलने वाले रामायण संस्कृति के प्रमाणिक साक्ष्यों की जानकारी दी गयी है। इस विशेष आवरण का मूल्य रु. 25/- रखा गया है तथा ये फिलेटलिक ब्यूरो के माध्यम से बिक्री किये जायेंगे।

















प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर,अयोध्या के मॉडल पर जारी किया डाक टिकट
'रामायण विश्व महाकोश' पर विशेष डाक आवरण भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया जारी

Thursday, July 16, 2020

Chief Minister Yogi Adityanath released Special Postal Cover on Diamond Jubilee of Caption Manoj Kumar Pandey UP Sainik School, Lucknow

कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल, लखनऊ के डायमंड जुबिली वर्ष में प्रवेश के अवसर पर 15 जुलाई, 2020 को आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा एक विशेष डाक आवरण व विरूपण का विमोचन किया गया। उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल श्री कौशलेन्द्र कुमार सिन्हा ने इस विशेष आवरण की प्रथम प्रति मुख्यमंत्री को प्रदान की। लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
हीरक जयंती समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय यूपी सैनिक स्कूल ने सफलताओं के तमाम नए प्रतिमान गढ़े हैं। यहाँ से निकले विद्यार्थी न सिर्फ सैन्य सेवाओं, बल्कि सिविल सेवाओं से लेकर समाज सेवा व आपदाकालीन सेवाओं तक में अपना विशेष मुकाम बनाया है। उन्होंने यूपी सैनिक स्कूल को देश भर के लिए रोल मॉडल बनाने की भी बात कही। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने डाक विभाग द्वारा इस अवसर पर विशेष डाक आवरण व विरूपण के जारी किये जाने की सराहना की। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि सैनिक स्कूल उन तमाम मेधावियों का सृजनकर्ता रहा है, जो एक लम्बी परम्परा के तहत देश सेवा में जुटे हुए हैं। माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती गुलाब देवी ने कहा कि अब यूपी सैनिक स्कूल में बेटियाँ भी प्रवेश पा रही हैं, जो कि प्रधानमंत्री जी की "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" भावना के अनुरूप है।
उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल श्री कौशलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि, डाक विभाग तमाम प्रमुख संस्थानों के योगदान को चिन्हित करने के लिए उन पर विशेष डाक आवरण जारी करता है और इसी कड़ी में कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय यूपी सैनिक स्कूल की डायमंड जुबिली पर इसे जारी करके प्रसन्नता का अनुभव करता है। 
लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि उक्त विशेष डाक आवरण से न सिर्फ यूपी सैनिक स्कूल की पहचान को नए आयाम मिलेंगे, बल्कि तमाम डाक टिकट संग्रहकर्ता इसके माध्यम से शोधपरक जानकारी को बढ़ावा दे सकेंगे। इस विशेष आवरण का मूल्य 25 रूपये है और इसे फिलेटलिक ब्यूरो, लखनऊ जीपीओ से प्राप्त किया जा सकता है।
हीरक जयंती समारोह के औपचारिक शुभारम्भ से पूर्व मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने सैनिक स्कूल की स्मृतिका पर शहीदों को नमन किया व वृक्षारोपण किया। सैनिक स्कूल के संस्थापक पूर्व मुख्यमंत्री स्व. डॉ. सम्पूर्णानंद का भी उन्होंने भावपूर्ण स्मरण किया। इस अवसर पर उन्होंने हीरक जयंती वर्ष के प्रतीक चिन्ह का अनावरण भी किया।
कार्यक्रम के आरम्भ में उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल ओल्ड बॉयज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अनुराग श्रीवास्तव द्वारा स्कूल के सफरनामा पर एक लघु वृत्त चित्र भी दिखाया गया। इस अवसर पर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के डिप्टी चीफ वाइस एडमिरल अजेंद्र बहादुर सिंह, ले. जनरल (अवकाश प्राप्त) आर पी साही, एनसीसी के एडीजी मेजर जनरल राकेश राणा, अपर मुख्य सचिव (गृह) श्री अवनीश अवस्थी, मंडलायुक्त, लखनऊ मण्डल श्री मुकेश मेश्राम, पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ जोन श्रीमती लक्ष्मी सिंह, चीफ पोस्टमास्टर, लखनऊ जीपीओ श्री  आर.एन यादव सहित तमाम सैन्य अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्कूल के पूर्व छात्र मौजूद रहे।  कार्यक्रम के अंत में सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य कर्नल यूपी सिंह ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम का  संचालन श्री एसटी मिश्र ने किया।














कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल की हीरक जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जारी किया विशेष डाक आवरण

यूपी सैनिक स्कूल ने गढ़े सफलताओं के तमाम नए प्रतिमान - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ