Showing posts with label CELC. Show all posts
Showing posts with label CELC. Show all posts

Thursday, April 27, 2023

India Post Payments bank में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मियों को पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने किया सम्मानित

वित्तीय सशक्तिकरण और अंत्योदय में डाक विभाग अहम भूमिका निभा रहा है। वर्तमान डिजिटल युग में नवीनतम टेक्नोलॉजी का प्रयोग कर इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से डाक विभाग तमाम बैंकिग सेवाएँ और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ घर बैठे ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचा रहा है।  उक्त उद्गार वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने वाराणसी प्रधान डाकघर के सभागार में इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा आयोजित उत्कृष्ट डाककर्मियों के सम्मान समारोह में व्यक्त किये। उन्होंने सी.ई.एल.सी. प्रतियोगिता के विजेता ग्रामीण डाक सेवकों को रेफ्रिजरेटर और लैपटॉप देकर सम्मानित किया और उनकी हौसला आफजाई की। इस अवसर पर वाराणसी के 11 और चंदौली जनपद के 06 कर्मचारी सम्मानित हुए।


पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाकिया और ग्रामीण डाक सेवक चलते-फिरते बैंक बन गए हैं। किसानों और विभिन्न लाभार्थियों के बैंक खातों में आने वाली डीबीटी राशि की निकासी के लिए अब किसी को भी बैंक या एटीएम जाने की जरूरत नहीं, बल्कि घर बैठे ही अपने आधार लिंक्ड बैंक खाते से डाकिया के माध्यम से निकासी कर सकते हैं। घर बैठे डाकिया के माध्यम से ही आधार में  मोबाइल नम्बर अपडेशन और 5 साल तक के बच्चों का आधार इनरोलमेंट कराया जा सकता है। ई-श्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, वाहनों का बीमा, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, पेंशनर्स हेतु जीवित प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी तमाम सेवाओं का लाभ भी डाकिया के माध्यम से घर बैठे लिया जा सकता है।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि वाराणसी परिक्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2022-23 में इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के कुल 1.20 लाख खाते खोले गए, जिनमें 50 हजार प्रीमियम खाते खुले। वहीं आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम के माध्यम से 3.37 लाख लोगों को घर बैठे 132 करोड़ रूपये का भुगतान किया गया। आईपीपीबी के द्वारा घर बैठे 4.60 लाख व्यक्तियों का आधार नामांकन और अपडेशन किया गया। जनरल इंश्योरेंस के तहत 22.25 लाख रूपये का प्रीमियम अर्जित किया गया।    



ये हुए सम्मानित : वाराणसी जनपद के अंतर्गत ब्रांच पोस्टमास्टर लमही अवलेश, ब्रांच पोस्टमास्टर तपोवन आश्रम श्यामलाल, ब्रांच पोस्टमास्टर कोनिया सीताराम, ब्रांच पोस्टमास्टर कुरु वैभव,  ब्रांच पोस्टमास्टर खोचवा संतोष कुमार, ब्रांच पोस्टमास्टर शिवरामपुर शिवपूजन, ब्रांच पोस्टमास्टर कनकपुर निशांत, ब्रांच पोस्टमास्टर पुरी कलां सुशीला देवी, पोस्टमैन शिवपुर कमल, ब्रांच पोस्टमास्टर शहंशाहपुर दीपू कुमार शर्मा, पोस्टमैन वाराणसी कैंट प्रधान डाकघर रविन्द्र कुमार सम्मानित हुए।

इस अवसर पर प्रवर डाक अधीक्षक वाराणसी पूर्वी मंडल राजन, डाक अधीक्षक वाराणसी पश्चिमी मंडल हेमन्त कुमार, सहायक निदेशक राम मिलन, बृजेश कुमार शर्मा, आईपीपीबी सीनियर मैनेजर सुबलेश सिंह, मैनेजर अमित सिंह व मुक्ता चटर्जी, सहायक डाक अधीक्षक एसके चौधरी, आरके चौहान, निरीक्षक डाकघर इंद्रजीत पाल, श्रीकान्त पाल, सर्वेश सिंह, रमेश यादव सहित तमाम अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।






इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से घर बैठे मिल रहीं बैंकिंग व जनकल्याणकारी सेवाएं - पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

Wednesday, March 30, 2022

डाक विभाग का 31 मार्च तक विशेष सी.ई.एल.सी अभियान : घर बैठे 5 साल तक के बच्चों का आधार बनवाने और लोगों का मोबाइल अपडेशन की सुविधा

उत्तर प्रदेश में घर बैठे 5 साल तक के बच्चों का आधार बनवाने और लोगों के मोबाइल को आधार से लिंक कराने हेतु डाक विभाग ने विशेष पहल की है। इसके तहत जहाँ घर बैठे ग्रामीण डाक सेवक व पोस्टमैन लोगों को सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं, वहीं इन्हें  प्रोत्साहित करने हेतु विभाग स्कूटी से लेकर स्मार्ट टीवी, लैपटॉप, स्मार्ट फोन, वाशिंग मशीन, रेफ्रीजिरेटर, माइक्रोवेव, इंडक्शन कुक टॉप, स्टीम आयरन, टोस्टर,पावर बैंक, ब्लू टूथ ईयरफोन तक पुरस्कार में दे रहा है। पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव के निर्देश पर यह अभियान वाराणसी परिक्षेत्र के सभी जनपदों में 31 मार्च तक चलाया जाएगा। अब तक सी.ई.एल.सी के माध्यम से वाराणसी परिक्षेत्र में पोस्टमैनों द्वारा  5 लाख 25 हजार से ज्यादा लोगों के आधार में मोबाईल नंबर का संशोधन और बच्चों का आधार बनाया जा चुका है।

 इस कड़ी में वाराणसी परिक्षेत्र के अधीन जौनपुर जनपद के उदपुर घेलहावा डाकघर की ब्रांच पोस्टमास्टर श्रीमती निशा चौधरी ने पूरे उत्तर प्रदेश में सर्वप्रथम 5000 लोगों को घर बैठे सेवा देकर कीर्तिमान बनाया है। उनकी इस उपलब्धि पर पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने भी बधाई दी। डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा पुरस्कार स्वरूप एक स्कूटी भी प्रदान की जाएगी। 

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग ने आमजन की सुविधाओं के लिए तमाम सेवाओं का विस्तार किया है। डाकघरों में नया आधार बनाने और आधार में अपडेशन की सुविधा उपलब्ध है, जिसका आमजन को काफी फायदा होता है। इसी क्रम में डाक विभाग ने इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से अब सी.ई.एल.सी (चाइल्ड एनरोलमेंट लाइट क्लाइंट) सेवा आरम्भ की है, जिसमें घर बैठे डाकिया के माध्यम से 5 साल से कम उम्र के बच्चों का नया आधार बन सकेगा और लोग अपने आधार में मोबाइल नंबर अपडेशन भी करा सकेंगे। 

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इसके अंतर्गत मोबाइल एप के माध्यम से 5 साल से कम उम्र के बच्चों का नया आधार बनवाने हेतु आधार नामांकन केवल संबंध प्रमाण पत्र (पीओआर) की सहायता से किया जा सकता है। इस हेतु माता-पिता अपने आधार या अन्य किसी मान्य पहचान पत्र की सहायता से अपने बच्चे का आधार पंजीकरण घर बैठे डाकिया के माध्यम से निःशुल्क करा सकते हैं। डाकिया वहीं पर आईपीपीबी मोबाइल हैंडसेट में इंस्टॉल सी.ई.एल.सी एप के माध्यम से बच्चे की फोटो लेकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करेगा। पंजीकरण पश्चात डाकिया एनरोलमेंट आई.डी (EID) उपलब्ध कराएगा, जिसके माध्यम से आधार बन जाने पर यू.आई.डी.ए.आई की वेबसाइट पर जाकर बच्चे का आधार कार्ड डाउनलोड भी किया जा सकेगा। 

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि अब आधार में मोबाइल नंबर अपडेशन के लिए कहीं भी जाने की जरुरत नहीं है, बल्कि घर बैठे ही डाकिया के माध्यम से सीईएलसी सेवा के तहत मात्र 50 रूपये (कर सहित) का निर्धारित शुल्क देकर आधार में मोबाइल नंबर अपडेशन आसानी से कराया जा सकता है। इस योजना के प्रचार-प्रसार एवं डाकियों को प्रोत्साहित करने हेतु पुरस्कार भी दिए जाएँगे। 

वाराणसी परिक्षेत्र में सी.ई.एल.सी के तहत वाराणसी में 1 लाख 5 हजार, जौनपुर जिले में 1 लाख 65 हजार, बलिया में 1 लाख 30 हजार, गाजीपुर में 45 हजार, चन्दौली में 42 हजार तथा भदोही में 38 हजार से ज्यादा लोगों के आधार में मोबाईल नंबर अपडेशन व बच्चों का नया आधार कार्ड बनाया जा चुका है।











डाक विभाग का 31 मार्च तक विशेष सी.ई.एल.सी अभियान : घर बैठे 5 साल तक के बच्चों का आधार बनवाने और लोगों का मोबाइल अपडेशन की सुविधा

सी.ई.एल.सी अभियान के तहत सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डाकियों को स्कूटी, स्मार्ट टीवी, लैपटॉप, स्मार्ट फोन, वाशिंग मशीन, फ्रिज से लेकर पावर बैंक तक का पुरस्कार

वाराणसी परिक्षेत्र के अधीन जौनपुर की ब्रांच पोस्टमास्टर निशा चौधरी ने सी.ई.एल.सी अभियान में पूरे उत्तर प्रदेश में प्राप्त किया प्रथम स्थान