Showing posts with label Minister Visit. Show all posts
Showing posts with label Minister Visit. Show all posts

Thursday, June 22, 2023

राजभवन, उत्तर प्रदेश भी डाक टिकट पर : केंद्रीय संचार राज्यमंत्री के साथ राज्यपाल ने जारी किया स्मारक डाक टिकट

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 20 जून, २०२३ को लखनऊ में राजभवन स्थित गांधी सभागार में केन्द्रीय संचार राज्यमंत्री देबू सिंह चौहान के साथ राजभवन उत्तर प्रदेश पर जारी ‘स्मारक डाक टिकट‘ का रिमोट दबाकर अनावरण तथा एल्बम के माध्यम से विमोचन किया. इस स्मरणीय अवसर पर सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने केन्द्रीय संचार राज्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम में प्रतिभागी होने का विशेष उल्लेख किया.

उन्होंने कहा कि राजभवन मंत्रीगणों के लिए भ्रमण और मुलाकात का स्थल रहा है. पहली बार राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्यमंत्री द्वारा प्रतिभाग किया गया है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के दायित्वों की चर्चा करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच के जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता के कार्याें को आसान कर देते हैं. उन्होंने जनप्रतिनिधियों को जनहित में नियम और कार्य प्रणाली बनाने तथा अधिकारियों को जनता से संवेदनात्मक स्तर तक जुड़ कर कार्य सम्पादन करने के लिए प्रेरित किया.

राज्यपाल ने राजभवन की गतिविधियों का उल्लेख भी किया और कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  की प्रेरणा से राजभवन को आम जनता के लिए भी खोला गया है. यहाँ के हरे-भरे उद्यान के प्राकृतिक वातावरण में लोग प्रातः काल भ्रमण के लिए आते हैं. राज्यपाल ने भारतीय डाक विभाग से अपेक्षा की कि राजभवन में आयोजित होने वाली इस विशिष्ट प्रदर्शनी पर भी ‘स्मारक डाक टिकट‘ जारी हो.

संचार राज्यमंत्री भारत सरकार देबू सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय डाक विभाग ने राष्ट्रीय एवं ऐतिहासिक विरासतों पर गर्व करना सिखाया. देबू सिंह चौहान डाक विभाग द्वारा देश के गौरव को परिलक्षित करने वाले साहित्यिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा उपलब्धिपरक अन्य स्मरणीय स्वरूपों पर जारी डाक टिकटों की चर्चा कर रहे थे. उन्होंने कहा कि इसी क्रम में आज उत्तर प्रदेश  राजभवन का ‘स्मारक डाक टिकट‘ भी जारी किया गया है. ऐतिहासिक निर्णयों का गर्भगृह, यह राजभवन भारत की प्राचीन संस्कृति के साथ-साथ आधुनिक शक्ति का भी अनुभव कराता है।

उन्होंने राजभवन की सुंदर वास्तुशैली की प्रशंसा की और कहा कि वर्तमान में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने इस राजभवन के सुंदरीकरण में बड़ा योगदान दिया है. उन्होंने राज्यपाल द्वारा हाल ही में राजभवन के मुख्य भवन के समीप स्थित लगभग खण्डर हो चले भवन को सौन्दर्यीकृत कराकर ‘कर्मयोगी भवन‘ बनवाने का विशेष जिक्र करते हुए यहाँ पंचतंत्र वाटिका निर्माण, जैविक खेती के उद्यानों का विकास, नक्षत्र वाटिका निर्माण, ड्रैगन फ्रूट की खेती जैसे विशेष कार्यों की चर्चा भी की. उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश  का सौभाग्य है कि गरीब जनता और महिलाओं के हित को गम्भीरता से समझने वाली शख्सियत इस प्रदेश की राज्यपाल हैं.

अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने इस अवसर पर सभी आमंत्रितों का स्वागत करते हुए इस आयोजन को गौरवशाली और स्मरणीय बताया. उन्होंने कहा कि राज्यपाल के कार्यों से राजभवन में गतिविधियों का विस्तार हुआ है. राजभवन प्रदेश की सर्वोच्च इमारत है. यह वह खुला आसमान है, जिसका परिक्षेत्र असीमित है. चीफ पोस्ट मास्टर जनरल बी. सेल्वा कुमार ने स्मारक डाक टिकट के बारे में जानकारी दी. इस अवसर पर सहायक निदेशक जनरल गौरव कुमार सैनी, लखनऊ परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल विवेक कुमार दक्ष, डाक विभाग एवं राजभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.

Friday, June 9, 2023

केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान नव्य भव्य श्री काशी विश्वनाथ धाम का दर्शन कर हुए अभिभूत, गंगा आरती में भी हुए शामिल

केंद्रीय संचार राज्य मंत्री श्री देवुसिंह चौहान ने अपने तीन दिवसीय धर्म एवं संस्कृति की प्राचीन ऐतिहासिक काशी नगरी के भ्रमण के दौरान डाक विभाग के महिला सशक्तिकरण उत्सव और सी डॉट व बीएसएनएल की 4 जी सेवा का शुभारंभ किया, वहीं  काशी कोतवाल श्री कालभैरव जी के दरबार में माथा टेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।



नवनिर्मित नमो घाट पर गंगा जी के आचमन उपरांत दशाश्वमेध घाट की विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में सम्मिलित होकर माँ गंगा का आशीर्वाद लिया। 




श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर रुद्राभिषेक एवं अर्चन पूजन कर माथा टेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। संचार राज्य मंत्री श्री देवुसिंह चौहान ने कहा कि काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन पाना अनेक जीवन का पुण्य प्रताप है। आज बाबा के दर्शन पाकर मैं धन्य हो गया। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल श्री बा. सेल्वाकुमार और  वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव भी रहे।  






काशी दर्शन से अभिभूत संचार राज्य मंत्री श्री देवुसिंह चौहान ने कहा कि लगभग 12 वर्ष पहले काशी आया था तब  मैंने सोचा भी नहीं था कि काशी नगरी ऐसी भी हो सकती है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में तब की काशी नगरी और आज की काशी नगरी में बहुत ही परिवर्तन और निरंतर विकास दिखाई पड़ रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में काशी के लोग अपने आप को गौरवान्वित महसूस करते हैं। नव्य भव्य काशी नगरी को देखकर अपने भ्रमण के दौरान संचार राज्य मंत्री बहुत ही आह्लादित हुए। उन्होंने मां अन्नपूर्णा और संकटमोचन मंदिर में भी दर्शन किया।

संचार राज्य मंत्री श्री देवुसिंह चौहान ने महात्मा बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ का भी भ्रमण किया। इस दौरान पुरा अवशेषों को निहारने के साथ-साथ धमेख स्तूप, मूलगंधकुटी बौद्ध मंदिर और महाबोधि वृक्ष के दर्शन भी किए। महाबोधि सोसायटी के संयुक्त सचिव श्री वेन. आर. सुमिथानंदा थेरो ने उन्हें बौद्ध साहित्य भी भेंट किया।राजकीय संग्रहालय में राज चिन्ह पर अंकित अशोक स्तम्भ, पुरा अवशेषों और बौद्ध संस्कृति की परम्परा को उन्होंने बखूबी देखा और इसकी सराहना की। 








लहरतारा स्थित कबीर प्राकट्य स्थल का भी उन्होंने दर्शन किया। यहाँ पर मठ के महंत श्री गोविंद दास शास्त्री ने उन्हें संत कबीर से संबंधित साहित्य भी भेंट किया। मंत्री ने कहा कि हम बचपन से ही संत कबीर को पढ़ते आ रहे हैं, ऐसी में संत कबीर मठ और सरोवर के दर्शन पाकर धन्य महसूस कर रहा हूँ। 





उन्होंने कहा कि काशी शिव की नगरी, आध्यात्म की नगरी, संस्कृति की नगरी, महात्माओं की नगरी और महान आत्माओं की नगरी है। यहाँ से प्राप्त ज्ञान और उपदेश को आत्मसात कर और उन मानवीय आदर्शों के मार्ग पर चलकर ही आज भारत विश्वगुरू बनने में अहम भूमिका निभा रहा है। केंद्रीय संचार राज्य मंत्री श्री देवुसिंह चौहान  बनारस की गलियों भी घूमे और नदेसर स्थित ओम श्री राम भंडार की कचौड़ियों से लेकर बीएचयू के पास स्थित मशहूर पहलवान की लस्सी का भी आनंद लिया।   


भ्रमण के दौरान वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव के अलावा प्रवर डाक अधीक्षक राजन राव, डाक अधीक्षक हेमंत कुमार, सहायक अधीक्षक आर.के. चौहान, सुरेंद्र चौधरी, डाक निरीक्षक श्रीकांत पाल सहित तमाम अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


















केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान नव्य भव्य श्री काशी विश्वनाथ धाम का दर्शन कर हुए अभिभूत, गंगा आरती में भी हुए शामिल   
प्रधान मंत्री मोदी जी के नेतृत्व में काशी नगरी में हुआ कायाकल्प और विकास - केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान