Showing posts with label भर्ती परीक्षा. Show all posts
Showing posts with label भर्ती परीक्षा. Show all posts

Sunday, July 30, 2017

डाक विभाग द्वारा पोस्टमैन के 119 पदों के लिए जोधपुर में हुई परीक्षा, 332 परीक्षार्थी हुये शामिल

डाक विभाग द्वारा रिक्त पोस्टमैन पदों को भरने के लिए विभागीय परीक्षा का आयोजन 30 जुलाई, 2017 दिन रविवार को जोधपुर  में किया गया। इसमें ग्रामीण डाक सेवक और एमटीएस संवर्ग के लोगों ने पोस्टमैन बनने के लिए परीक्षा दी।  राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर  के निदेशक डाक सेवायें श्री कृष्ण कुमार यादव ने  परीक्षा केंद्र का दौरा कर जायजा लिया, ताकि परीक्षा सकुशल संपन्न हो सके। 
निदेशक डाक सेवायें श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि पोस्टमैन के सभी रिक्त पदों को भरा जाना विभाग की प्राथमिकता में शामिल है और इसी क्रम में जोधपुर रीजन के अधीन 2017-18 हेतु कुल 119 रिक्त पदों के लिए विभागीय परीक्षा हुई।  जोधपुर में  432 परीक्षार्थियों के सापेक्ष कुल 332  परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए अर्थात 77  प्रतिशत उपस्थिति रही। डाक निदेशक श्री यादव ने कहा कि  इस परीक्षा के बाद भी यदि पद रिक्त रह जाते हैं तो उनके लिए खुली प्रतियोगिता परीक्षा कराई जाएगी। 

मधुबन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जोधपुर में 10  बजे से 12  बजे तक हुई वस्तुनिष्ठ श्रेणी की इस परीक्षा में  25-25 अंक के चार खण्ड शामिल थे जिनमें  सामान्य ज्ञान, गणित, अंग्रेजी व हिन्दी भाषा से सम्बंधित  प्रश्न शामिल थे। निदेशक डाक सेवायें श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि इस परीक्षा में मेरिट में स्थान पाने वाले परीक्षार्थियों का ही अंतिम आधार पर चयन किया जायेगा। 

इस अवसर पर प्रवर डाक अधीक्षक जोधपुर श्री बी. आर. सुथार,  सहायक निदेशक ईशराराम, सीनियर पोस्टमास्टर श्री एस.एल. मीणा, सहायक अधीक्षक  बी आर राठौड़, राजेन्द्र सिंह भाटी,  सुदर्शन सामरिया सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। 






Monday, January 23, 2017

पोस्टमैन बनने के लिए पीएचडी धारक और बीटेक छात्र भी होड़ में, राजस्थान में 75 पोस्टमैनों की भर्ती हेतु करीब 80 हजार लोगों ने किया आवेदन

राजस्थान डाक परिमंडल द्वारा रविवार, 22  जनवरी, 2017  को आयोजित हुई पोस्टमैन और मेल गार्ड्स की सीधी भर्ती परीक्षा जोधपुर, जयपुर और अजमेर में संपन्न हुई। राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएँ कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि जोधपुर रीजन में 35 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया, जिनमें 13, 464  के सापेक्ष कुल 7,283   अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए अर्थात लगभग 55 प्रतिशत लोगों ने जोधपुर में परीक्षा दी। गौरतलब है कि राजस्थान में 73  पोस्टमैन और 02 मेल गार्ड पदों पर नियुक्ति के लिए राज्य भर से कुल 79,967 लोगों ने आवेदन किया था।


निदेशक डाक सेवायें श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि इस परीक्षा में मेरिट में स्थान पाने वाले परीक्षार्थियों का ही अंतिम आधार पर चयन किया जायेगा। 12  बजे से 2  बजे तक हुई वस्तुनिष्ठ श्रेणी की इस परीक्षा में  25-25 अंक के चार खण्ड शामिल थे जिनमें  सामान्य ज्ञान, गणित, अंग्रेजी व हिन्दी से सम्बंधित  प्रश्न शामिल थे। सामान्य श्रेणी के परीक्षार्थियों को परीक्षा उत्तीर्ण करने हेतु 10 अंक, अन्य पिछड़ी जाति के परीक्षार्थियों के लिए 9 अंक व अनुसूचित जाति के परीक्षार्थियों के लिए 8 अंक प्रत्येक खण्ड में प्राप्त करना अनिवार्य है। नकारात्मक अंक न होने के कारण परीक्षार्थियों ने प्रायः सारे प्रश्नों को हल किया।

गौरतलब है कि पहले डाक विभाग पोस्टमैन के पदों को अधिकतर विभागीय पदोन्नति के माध्यम से भरता था, पर अब पोस्टमैन बनने के लिए खुली प्रतियोगिता परीक्षा भी कराता है। ऐसे में पोस्टमैन पद, जिसके  लिए अहर्ता मात्र 10 वीं पास है, उसके लिए उच्च शिक्षा प्राप्त - एम. ए.,  एम. एस. सी और यहाँ तक कि पीएचडी धारक और बी-टेक की डिग्री लिए इंजीनियर भी परीक्षा दे रहे हैं। तमाम महिलाओं और दिव्यांगों ने भी पोस्टमैन बनने के लिए परीक्षा दी। 


बीटेक डिग्रीधारी और हाईटेक छात्रों द्वारा पोस्टमैन की परीक्षा दिए जाने पर डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि आज का पोस्टमैन भी टेक्नॉलाजी से जुड़ा हुआ है और उसे अपना कार्य सुचारू रूप से सम्पादित करने हेतु कंप्यूटर का ज्ञान आवश्यक है।  समाज में डाकिया की अपनी अलग ही प्रतिष्ठा है और सरकारी सेवा के स्थायित्व के साथ-साथ उसका वेतन भी कई निजी कंपनियों से बढ़िया और आकर्षक है। पहली पोस्टिंग में उसे लगभग 25 हजार रूपये वेतन मिलता है।  श्री यादव ने कहा कि डाक विभाग आई. टी. मॉडर्नाइजेशन के दौर से गुजर रहा है और ऐसे में यदि बीटेक डिग्रीधारी और हाईटेक लोग विभाग में आते हैं या पोस्टमैन बनने के लिए आकर्षित होते हैं  तो इसे एक शुभ संकेत के रूप में देखा जाना चाहिए।







Monday, December 12, 2016

राजस्थान में डाक विभाग द्वारा आयोजित एम.टी.एस डायरेक्ट रिक्रूटमेंट परीक्षा सकुशल सम्पन्न


डाक विभाग द्वारा आयोजित एम.टी.एस डायरेक्ट रिक्रूटमेंट  परीक्षा 11 दिसंबर, रविवार को जोधपुर  के 07 केन्द्रों पर सकुशल संपन्न हुई। पूरे राजस्थान डाक परिमंडल में 36  एम.टी.एस पदों के लिए हो रही सीधी भर्ती हेतु जोधपुर के साथ-साथ जयपुर और अजमेर में भी परीक्षा हुई। राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर  के निदेशक डाक सेवायें श्री कृष्ण कुमार यादव ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर उनका जायजा लिया, ताकि परीक्षा सकुशल संपन्न हो सके। 

राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर  के निदेशक डाक सेवायें श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि जोधपुर में सात केन्द्रों पर 2804 परीक्षार्थियों के सापेक्ष कुल 1426 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए अर्थात 51  प्रतिशत उपस्थिति रही। 

11 बजे से 1 बजे तक हुई वस्तुनिष्ठ श्रेणी की इस परीक्षा में  25-25 अंक के चार खण्ड शामिल थे जिनमें  सामान्य अध्ययन, गणित, अंग्रेजी व हिन्दी से सम्बंधित  प्रश्न शामिल थे। सामान्य श्रेणी के परीक्षार्थियों को परीक्षा उत्तीर्ण करने हेतु 10 अंक, अन्य पिछड़ी जाति के परीक्षार्थियों के लिए 9 अंक व अनुसूचित जाति के परीक्षार्थियों के लिए 8 अंक प्रत्येक खण्ड में प्राप्त करना अनिवार्य है। नकारात्मक अंक न होने के कारण परीक्षार्थियों ने प्रायः सारे प्रश्नों को हल किया।  निदेशक डाक सेवायें श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि इस परीक्षा में मेरिट में स्थान पाने वाले परीक्षार्थियों का ही अंतिम आधार पर चयन किया जायेगा। 





Monday, September 28, 2015

अब पोस्टमैन बनने के लिए बीटेक छात्र भी होड़ में

इसे सरकारी नौकरी के प्रति मोह कहें या शिक्षित बेरोजगारी का उदाहरण कि जिस पद के लिए अहर्ता मात्र 10 वीं पास है, उसके लिए उच्च शिक्षा प्राप्त - एम. ए.,  एम. एस. सी और यहाँ तक कि बी-टेक की डिग्री लिए इंजीनियर भी आवेदन कर रहे हैं।  यह नजारा देखने को मिला राजस्थान डाक परिमंडल द्वारा रविवार, 27 सितंबर, 2015 को आयोजित हुई पोस्टमैन और मेल गार्ड्स की परीक्षा में। पहले डाक विभाग इन पदों को विभागीय पदोन्नति के माध्यम से भरता था, पर अब पोस्टमैन बनने के लिए खुली प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से चयन होता है। ऐसे में पोस्टमैन बनने के लिए युवाओं में होड़ लगी हुई है। राजस्थान में 155 पोस्टमैन और 12 मेल गार्ड पदों पर नियुक्ति के लिए 1, 47, 974 लोगों ने आवेदन किया, जिनमें से कई उच्च शिक्षा प्राप्त अभ्यर्थी भी हैं, जबकि पोस्टमैन के लिए न्यूनतम अहर्ता मात्र 10 वीं पास है। 

राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएँ कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि पश्चिमी क्षेत्र में पोस्टमैन के 49 और मेल गार्ड के 04 पदों के लिए जोधपुर और बीकानेर में परीक्षा आयोजित की गई।  इनमें जोधपुर में 15, 402 के सापेक्ष 10,424 और बीकानेर में  12, 473 के सापेक्ष कुल 8,027 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा शांतिपूर्वक और सौहाद्रपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।  

बीटेक डिग्रीधारी और हाईटेक छात्रों द्वारा पोस्टमैन की परीक्षा दिए जाने पर निदेशक श्री यादव ने कहा कि आज का पोस्टमैन भी टेक्नॉलजी से जुड़ा हुआ है और उसे अपना कार्य सुचारू रूप से सम्पादित करने हेतु कंप्यूटर का ज्ञान आवश्यक है।  समाज में डाकिया की अपनी अलग ही प्रतिष्ठा है और सरकारी सेवा के स्थायित्व के साथ-साथ उसका वेतन भी कई निजी कंपनियों से बढ़िया और आकर्षक है। श्री यादव ने कहा कि डाक विभाग आई. टी. मॉडर्नाइजेशन के दौर से गुजर रहा है और ऐसे में यदि बीटेक डिग्रीधारी और हाईटेक लोग विभाग में आते हैं या पोस्टमैन बनने के लिए आकर्षित होते हैं  तो इसे एक शुभ संकेत के रूप में देखा जाना चाहिए !!







Friday, July 11, 2014

डाकघरों में उमड़ी प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती (टीईटी) अभ्यर्थियों की भीड़

 डाकघरों  के माध्यम से टीईटी (प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती) के प्रत्यावेदनों को भेजने के लिये अभ्यर्थियों की भीड उमड रही है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में टीईटी (प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती) अभ्यर्थियों को ऑनलाइन संशोधन का प्रत्यावेदन भरने के बाद उसकी फोटो कॉपी डाक से या फिर खुद संबंधित डायट पर जमा करना है। कई जिलों में आवेदन करने के कारण अभ्यर्थी अपना प्रत्यावेदन स्पीड पोस्ट से भेज रहे हैं। एक-एक अभ्यर्थी 20 से लेकर 40 स्पीड पोस्ट बुक कर रहे हैं। ऐसे में डाकघरों में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आवेदकों  की सुविधा हेतु काउंटर्स की संख्या बढ़वाने से लेकर कार्य-समय तक डाकघरों में बढ़ा दिया गया है।  गौरतलब है कि अभ्यर्थियों को गलती सुधरवाने के लिए अपना प्रत्यावेदन 15 जुलाई तक संबंधित डायट केंद्रों पर भेजना है। 

इसके मद्देनजर इलाहाबाद परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवायें  कृष्ण कुमार यादव ने स्थिति की समीक्षा की और इलाहाबाद परिक्षेत्र के सभी प्रधान डाकघरों में अतिरिक्त काउन्टर खोले जाने के निर्देश दिये। चूँकि एक-एक अभ्यर्थी औसतन 20 से 40 तक स्पीड पोस्ट एक साथ बुक करा रहेे हैं, ऐसे में अभ्यर्थियों की डाकघरों में स्पीड पोस्ट व रजिस्ट्री बुकिंग के लिये बढती भीड को देखते हुए डाक विभाग ने काउन्टर आवर्स के दौरान पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने के लिये भी कहा है। श्री यादव ने कहा कि आवेदक अपने प्रत्यावेदन भेजने के लिये  किसी भी डाकघर से स्पीड पोस्ट बुक करा सकते हैं।  

डाक निदेशक  कृष्ण कुमार यादव ने आवेदकों से यह भी अपील की है कि मात्र प्रधान डाकघरों की बजाय अन्य उप डाकघरों से भी स्पीड पोस्ट एवं रजिस्ट्री की बुकिंग करायें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधान डाकघर ही नहीं बल्कि अन्य उपडाकघरों में बुक की गयी स्पीड पोस्ट डाक भी उसी दिन बिना किसी देरी के रेल डाक सेवा को भेज दी जाती है ताकि अगले गंतव्य के लिए वह रवाना हो सके। 

निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि आवेदकों को असुविधा न हो, इसके लिये सिविल लाइन्स स्थित इलाहाबाद प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट व रजिस्ट्री बुकिंग के लिये 7  काउन्टर खोले गये हैं, जिसमें से एक सिर्फ महिलाओं के लिये है। ये काउन्टर सुबह 08 .00 बजे से शाम 9 .00 बजे तक कार्य करेंगे। अकेले इलाहाबाद में पिछले तीन दिनों में एक लाख से ज्यादा स्पीड पोस्ट बुक किये जा चुके हैं। जहाॅंँ सामान्य दिनों में शहर के डाकघरों में स्पीड पोस्ट की काउन्टर पर औसतन बुकिंग प्रतिदिन 5,000 होती है, वहीं 11  जुलाई को 60,000 से ज्यादा स्पीड पोस्ट बुक किये गये। आने वाले दिनों में इसकी और भी बढने की सम्भावना है। 

****************************************************************


समाज में शिक्षक का स्थान बड़ा ऊँचा है, पर शिक्षक बनने से पहले उन्हें तमाम अनुभवों से गुजरना पड़ता  है। इस समय उत्तर प्रदेश के पोस्ट ऑफिसेज में टीईटी (प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती) अभ्यर्थी ऑनलाइन संशोधन का प्रत्यावेदन भरने के बाद उसकी फोटो कॉपी स्पीड पोस्ट से भेज रहे हैं।  एक-एक अभ्यर्थी 20 से लेकर 40 स्पीड पोस्ट बुक कर रहे हैं। ऐसे में डाकघरों में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इन अभ्यर्थियों में से ही कुछेक 'भावी शिक्षक' बनेंगे !!


नारी-सशक्तीकरण समय की जरुरत है।  इसका सबसे सशक्त माध्यम सेवाओं में उनकी भागीदारी है। अपने भारत में शिक्षा व्यवस्था में काफी महिलाएं कार्यरत हैं। उत्तर प्रदेश में तमाम ऐसे प्राइमरी स्कूल मिल जायेंगे, जहाँ सारा दारोमदार शिक्षिकाओं पर ही है। ऐसे में डाकघरों  के माध्यम से प्रशिक्षुु शिक्षक चयन (बीटीसी) के प्रत्यावेदनों को भेजने के लिये महिला अभ्यर्थियों की भी काफी भीड उमड रही है। 


Sunday, May 19, 2013

उत्तर प्रदेश परिमंडल में डाक सहायकों/छंटाई सहायकों की भर्ती परीक्षा आज

इलाहाबाद। डाक विभाग उत्तर प्रदेश परिमंडल में कुल 674 डाक सहायकों/छंटाई सहायकों की भर्ती परीक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। यह परीक्षा पूरे उत्तर प्रदेश में 19 मई रविवार को प्रातः 10 से 12 बजे तक होगी। उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद, लखनऊ, आगरा, बरेली, कानपुर, गोरखपुर, नोएडा एवं सहारनपुर सहित कुल 8 जगहों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। इलाहाबाद में इसका आयोजन 45 परीक्षा केंद्रों पर किया जायेगा। इस संबंध में इलाहाबाद क्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव ने पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में तैयारियों की समीक्षा की और सभी को उनके कार्यों की भी जानकारी दी। इलाहाबाद केंद्र पर इलाहाबाद के अलावा कौशांबी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, गाजीपुर इत्यादि तमाम जिलों के अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।


निदेशक डाक सेवाएं, इलाहबाद परिक्षेत्र  कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इलाहाबाद में कुल 45 केंद्रों पर परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें बिशप जानसन, ब्वायज हाई स्कूल, आर्य कन्या इंटर कालेज, क्रास्थवेट इंटर कालेज, ईश्वर शरण डिग्री कालेज, मैरी लुकस स्कूल और कालेज, प्रयाग महिला विद्यापीठ इंटर कालेज, हिंदू महिला विद्यालय इंटर कालेज इत्यादि विद्यालय शामिल हैं। डाक विभाग इस परीक्षा का आयोजन सीएमसी लिमिटेड कंपनी के माध्यम से करा रहा है। इलाहाबाद के 45 परीक्षा केंद्रों पर डाक विभाग ने विभिन्न डाक मंडलों से 2-2 प्रेक्षक (आबर्जबर) नियुक्त किये हैं। इसके अलावा परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों को भी समुचित व्यवस्था करने हेतु लिखा गया है।

कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश परिमंडल में कुल 674 डाक सहायकों/छंटाई सहायकों की भर्ती होनी है, जिसमें से इलाहाबाद परिक्षेत्र में 77 पदों पर भर्ती की जानी है। पूरे उत्तर प्रदेश में लगभग डेढ़ लाख परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, इनमें से इलाहाबाद परिक्षेत्र में कुल 33,344 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।

साभार : स्वतंत्र आवाज़