Tuesday, January 23, 2018

डाक विभाग ने जोधपुर रीजन के 200 गाँवों को बनाया शत-प्रतिशत सुकन्या समृद्धि ग्राम

'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अब सिर्फ नारा नहीं रहा, बल्कि इसके तहत बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए किये गए कार्य जमीनी स्तर पर भी दिखने लगे हैं। बालिकाओं को संरक्षण और सशक्त करने के लिए इस  योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 जनवरी 2015 को की गई थी। इसके तहत ही  बालिकाओं  के लिए सुकन्या समृद्धि योजना की भी प्रधानमंत्री ने शुरुआत की थी, ताकि बेटियों का सुनहरा भविष्य सुनिश्चित किया जा सके। इन तीन सालों में  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा आरम्भ की गई 'सुकन्या समृद्धि योजना' में डाक विभाग के राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर  ने पहल करते हुए नई इबारत लिखी है। 

राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि जोधपुर रीजन में  200 गाँवों को शत-प्रतिशत सुकन्या समृद्धि ग्राम बना दिया गया है। इन गाँवों में दस साल तक की सभी योग्य बालिकाओं के सुकन्या खाते डाकघर में खोले जा चुके हैं। यही नहीं, इन गाँवों में यदि किसी घर में बेटी  के  जन्म की किलकारी गूँजती  है तो डाकिया तुरंत उसका सुकन्या खाता खुलवाने हेतु पहुँच जाता है। डाक निदेशक श्री यादव ने बताया  कि राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के डाकघरों  में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत वर्तमान में लगभग 2 लाख 5 हजार  खाते खोले जा चुके हैं, जिनमें  करीब 122 करोड़ रूपये जमा हुए हैं। 

डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा  कि इस योजना में जमा धनराशि पूर्णतया बेटियों के लिए ही होगी, जो उनकी शिक्षा, कैरियर  एवं विवाह में उपयोगी होगी। 10 वर्ष तक की बेटियों के लिए आरम्भ सुकन्या समृद्धि योजना में एक वित्तीय वर्ष में न्यूनतम 1,000 और अधिकतम डेढ़ लाख रूपये तक जमा किये जा सकते हैं। इस योजना में खाता खोलने से मात्र 15  वर्ष तक धन जमा कराना होगा।  बेटी की उम्र 18 वर्ष होने पर जमा राशि का 50 प्रतिशत व सम्पूर्ण राशि 21 वर्ष पूरा होने पर निकाली जा सकती है। वर्तमान में ब्याज दर 8.1  प्रतिशत हैं और जमा धनराशि में आयकर छूट का भी प्रावधान है। 

जोधपुर मण्डल के प्रवर डाक अधीक्षक बी. आर. सुथार ने बताया कि 22 जनवरी को जोधपुर जिले के ऊँटवालिया गाँव (देचू) को  राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर का 200 वा सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम एक समारोह में घोषित किया जायेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव और विशिष्ट अतिथि के  रूप में देचू पंचायत समिति के प्रधान श्री हेमाराम और ऊँटवालिया गाँव के सरपंच श्री भूराराम मेघवाल होंगे। इस अवसर पर बच्चियों को पासबुकें और उपहार दिए जायेंगे। 







 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के तीन साल : डाक विभाग ने जोधपुर रीजन के 200  गाँवों को बनाया शत-प्रतिशत सुकन्या समृद्धि ग्राम

प्रधानमंत्री मोदीजी के सपनों को पूरा करने में लगा डाक विभाग : बेटी के जन्म की किलकारी गूँजते ही सुकन्या खाता खुलवाने पहुँच जाता है  डाकिया  

Sunday, January 21, 2018

ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप चैंपियन टीम इंडिया में पोस्टमैन पंकज भुई (भुवनेश्वर, ओड़िशा)

डाक विभाग में तमाम प्रतिभाएं हैं, जो देश-दुनिया में अपनी काबिलियत का लोहा मनवाती रहती हैं। ऐसी ही एक प्रतिभा हैं पोस्टमैन श्री पंकज भुई (भुवनेश्वर, ओड़िशा), जो ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को हराकर विश्व विजेता बनने वाली भारतीय टीम के सदस्य हैं। 
गौरतलब है कि टीम इंडिया एक बार फिर से ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप का चैंपियन बन गई है।  शनिवार, 20 जनवरी  को शारजाह क्रिकेट स्टेडयम में खेले गए फाइनल में भारत ने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 2 विकेट से मात दी।  इसके साथ ही भारत ने लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया। रोमांचक फाइनल में भारत ने जीत का लक्ष्य 38.4 ओवरों में 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया।  भारत की ओर से सुनील रमेश ने 93 के अलावा अजय कुमार रेड्डी ने 62 रन बनाए।  इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 40 ओवरों में 307/8 रन बनाए थे। 

पहले सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान की टीम श्रीलंका को 156 रनों मात देकर खिताबी मुकाबले में उतरी थी। इससे पहले ग्रुप मुकाबले में भी भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था। 



ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप के विजेता

1. 1998: साउथ अफ्रीका (फाइनल में पाक को हराया)

2. 2002: पाकिस्तान (फाइनल में द. अफ्रीका को हराया)

3. 2006: पाकिस्तान (फाइनल में भारत को हराया)

4. 2014: भारत (फाइनल में पाक को हराया)

5. 2018: भारत (फाइनल में पाक को हराया)

इसके अलावा भारतीय टीम पाकिस्तान को हराकर टी-20 ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप का दोनों खिताब (2012, 2017) अपने नाम कर चुकी है.


Congratulations to Mr. Pankaj Bhue, Postman in Bhubaneswar, Odisha. He is a member of the Indian Cricket team in Blind Cricket World Cup 2018 which became Champion beating Pakistan.


ऑल इंडिया पोस्टल एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में जोधपुर का जलवा, महिला चैंपियनशिप भी राजस्थान को

केरल के तिरुवनन्तपुरम में आयोजित 32वीं ऑल इंडिया पोस्टल एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में जोधपुर  ने सफलता के झण्डे गाड़े। 5 गोल्ड और 2 सिल्वर सहित जोधपुर के हिस्से में 8  मेडल आये।  
 पोस्टमास्टर जनरल, जोधपुर कार्यालय में कार्यरत डाक सहायक श्रीमती स्नेहा जैन ने 4x400 मीटर व 4x100 मीटर में स्वर्ण व 200 मीटर में कांस्य पदक, डाक सहायक श्रीमती  सुनीता ने ऊंची कूद व 4x400 मीटर दोनों में स्वर्ण पदक तो  रेल डाक सेवा जोधपुर में कार्यरत एम.टी.एस  श्री राजकुमार ने 800 मीटर में स्वर्ण पदक और 1500 व 5000 मीटर में रजत पदक हासिल किया। इसके साथ ही कीर्तिमान रचते हुये राजस्थान ने 25 वर्षों  के पश्चात प्रतियोगिता की महिला चैंपियनशिप हासिल की। 

इस अवसर पर विजेताओं  ने राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव से मुलाकात कर उन्हें अपने मेडल दिखाए और अनुभव शेयर किये। श्री यादव ने  पदक विजेताओं को शुभकामनायें देते हुए भविष्य में भी ऐसा ही जज्बा बरकरार रखने की सीख दी।  





ऑल इंडिया पोस्टल एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में जोधपुर का जलवा

5 गोल्ड, 2 सिल्वर सहित जोधपुर के हिस्से में 8  मेडल,  25 वर्षों  के पश्चात प्रतियोगिता की महिला चैंपियनशिप भी राजस्थान को 


Thursday, January 11, 2018

Inauguration of Employment Registration Centre in Post Offices of Rajasthan for Youth

बेरोजगार युवाओं के लिए पहल करते हुए पोस्ट ऑफिस अब उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की सहूलियत भी प्रदान करेगा। इसी क्रम में राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के द्वितीय रोजगार पंजीकरण केंद्र का शुभारंभ राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के पोस्टमास्टर जनरल श्री वी. सी. राय एवं निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव ने 10 जनवरी, 2018 को सिरोही प्रधान डाकघर में किया। इस अवसर पर उन्होंने बेरोजगार युवक-युवतियों का रोजगार पंजीयन करवाकर रसीदें भी  सौंपी।
इस अवसर पर राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र,जोधपुर के पोस्टमास्टर जनरल श्री वी. सी. राय ने कहा कि लोगों को रोजगार पंजीकरण के  लिए अब सेवायोजन या रोजगार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डाक विभाग एवं श्रम व रोजगार मंत्रालय ने एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं,जिसके तहत डाकघर रोजगार पंजीकरण केंद्र के रूप में भी कार्य करेंगे। श्री राय ने कहा कि शीघ्र ही सभी प्रधान डाकघरों में रोजगार पंजीकरण केंद्र खोले जायेंगे, ताकि बेरोजगार युवकों को भटकना नहीं पड़े। 
राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र,जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएँ श्री क़ृष्ण कुमार यादव ने इस अवसर पर कहा कि बेरोजगार और अध्ययनरत युवक प्रधान डाकघर में नेशनल कैरियर सर्विस (www.ncs.gov.in) ऑनलाइन पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। पंजीकरण होने के पश्चात डाकघर द्वारा एक प्रिन्टआउट दिया जाएगा जिसमें रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य जानकारी दर्ज होगी। श्री यादव ने कहा कि यह पोर्टल नेट कनेक्टेड शहरी क्षेत्र तथा नॉन कनेक्टेड ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारों के बीच सेतु का कार्य करेगी। पंजीकरण हेतु किसी भी प्रकार के दस्तावेज बेरोजगार युवक-युवतियों को नहीं देने होंगे।  
डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि यह पोर्टल रोजगार के इच्छुक,रोजगार प्रदाता,स्किल प्रोवाइडर्स, कैरियर काउन्सलर इत्यादि सभी के सम्बन्ध में जानकारी उपलब्ध कराता है। इस पोर्टल पर पंजीकृत होने के बाद बेरोजगार युवक 52 सेक्टरों में उपलब्ध 3,000 तरह के व्यवसायों की अपडेट जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। पोर्टल के जरिये यह जानकारी भी मिलेगी की किस कोर्स के लिए कौन सा सैक्टर ठीक होगा तथा रोजगार के अवसर कहाँ उपलब्ध है। इसके जरिये स्किल डेवलेपमेंट तथा कैरियर विकल्प बताए जायेंगे। 

सिरोही मंडल के डाक अधीक्षक देवा राम पुरोहित ने बताया कि नए बेरोजगार पंजीकरण हेतु 15 रुपए, पंजीकृत प्रोफ़ाइल को अपडेट करवाने हेतु 5 रुपए और आवेदन-पत्र के प्रिन्टआउट के लिए 10 रुपए लगेंगे। इस अवसर पर  सहायक डाक अधीक्षक अखाराम, सिरोही प्रधान डाकघर के हेड पोस्टमास्टर चुना राम मीणा, भंवर सिंह, धीरेंद्र सिंह सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


पहल : सिरोही प्रधान डाकघर में रोजगार पंजीकरण केंद्र का शुभारंभ,अब डाकघर में होगा बेरोजगार युवकों का पंजीकरण

Wednesday, January 10, 2018

अब डाकघर में होगा बेरोजगार युवकों का पंजीकरण, जोधपुर प्रधान डाकघर में रोजगार पंजीकरण केंद्र का शुभारंभ

बेरोजगार युवाओं के लिए पहल करते हुए पोस्ट ऑफिस अब उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की सहूलियत भी प्रदान करेगा। इसी क्रम में राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के प्रथम रोजगार पंजीकरण केंद्र का शुभारंभ राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के पोस्टमास्टर जनरल श्री वी. सी. राय एवं निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव ने 09 जनवरी, 2018 को जोधपुर प्रधान डाकघर में किया। इस अवसर पर उन्होंने बेरोजगार युवक-युवतियों का रोजगार पंजीयन करवाकर रसीदें भी  सौंपी। 


इस अवसर पर राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के पोस्टमास्टर जनरल श्री वी. सी. राय ने कहा कि लोगों को रोजगार पंजीकरण के  लिए अब सेवायोजन या रोजगार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डाक विभाग एवं श्रम व रोजगार मंत्रालय ने एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं,जिसके तहत डाकघर रोजगार पंजीकरण केंद्र के रूप में भी कार्य करेंगे। श्री राय ने कहा कि शीघ्र ही सभी प्रधान डाकघरों में रोजगार पंजीकरण केंद्र खोले जायेंगे,ताकि बेरोजगार युवकों को भटकना नहीं पड़े। 
राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएँ श्री क़ृष्ण कुमार यादव ने इस अवसर पर कहा कि बेरोजगार और अध्ययनरत युवक प्रधान डाकघर में नेशनल कैरियर सर्विस (www.ncs.gov.in) ऑनलाइन पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। नए बेरोजगार पंजीकरण हेतु 15 रुपए, पंजीकृत प्रोफ़ाइल को अपडेट करवाने हेतु 5 रुपए और आवेदन-पत्र के प्रिन्टआउट के लिए 10 रुपए लगेंगे।  पंजीकरण होने के पश्चात डाकघर द्वारा एक प्रिन्टआउट दिया जाएगा जिसमें रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य जानकारी दर्ज होगी। श्री यादव ने कहा कि यह पोर्टल नेट कनेक्टेड शहरी क्षेत्र तथा नॉन कनेक्टेड ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारों के बीच सेतु का कार्य करेगी। पंजीकरण हेतु किसी भी प्रकार के दस्तावेज बेरोजगार युवक-युवतियों को नहीं देने होंगे।  
डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि यह पोर्टल रोजगार के इच्छुक,रोजगार प्रदाता,स्किल प्रोवाइडर्स, कैरियर काउन्सलर इत्यादि सभी के सम्बन्ध में जानकारी उपलब्ध कराता है। इस पोर्टल पर पंजीकृत होने के बाद बेरोजगार युवक 52 सेक्टरों में उपलब्ध 3,000 तरह के व्यवसायों की अपडेट जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। पोर्टल के जरिये यह जानकारी भी मिलेगी की किस कोर्स के लिए कौन सा सैक्टर ठीक होगा तथा रोजगार के अवसर कहाँ उपलब्ध है। इसके जरिये स्किल डेवलेपमेंट तथा कैरियर विकल्प बताए जायेंगे। 

इस अवसर पर सीनियर पोस्टमास्टर आर.पी. कुशवाहा,उपाधीक्षक ओ.पी. सोडिया, सहायक डाक अधीक्षक पाल सिंह सिद्धू, विनय खत्री, राजेंद्र सिंह भाटी, डाक निरीक्षक पारस मल सुथार, विजय सिंह, राजेश व्यास सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









Tuesday, January 9, 2018

राजस्थान में पाली जिले का प्रथम 'संपूर्ण बीमा ग्राम’ बना गरनिया गाँव, डाक निदेशक केके यादव ने वितरित किये पॉलिसी बॉण्ड

जीवन बीमा आज के दौर की एक अनिवार्य आवश्यकता है। डाक विभाग अपने सामाजिक सरोकारों के तहत ग्रामीण लोगों को भी जीवन बीमा देने के लिए प्रतिबद्ध है । उक्त उद्गार राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने पाली जिले के जैतारण में स्थित गरनिया गाँव को 'संपूर्ण बीमा ग्राम' घोषित करने के अवसर पर आयोजित समारोह में  बतौर मुख्य अतिथि 08  जनवरी, 2018 को व्यक्त किए।  गाँव में सभी परिवारों को न्यूनतम एक ग्रामीण डाक जीवन बीमा पॉलिसी जारी कर गरनिया पाली जिले का प्रथम संपूर्ण बीमा ग्राम बन गया है। गाँव में कुल 327 पॉलिसी जारी की गई हैं । 'संपूर्ण बीमा ग्राम' योजना को अक्टूबर माह में संचार मंत्री श्री मनोज सिन्हा ने आरम्भ किया था।  
इस अवसर पर निदेशक डाक सेवाएं  श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग ने यह कदम सामाजिक सुरक्षा कवरेज को बढ़ाने के साथ-साथ वित्तीय समावेशन में अभिवृद्धि के प्रयासों के तहत किया है। इससे गाँव में रह रहे किसान एवं गरीब परिवारों को काफी फायदा होगा और उन्हें जीवन सुरक्षा मिलेगी। श्री यादव ने कहा कि 'सम्पूर्ण बीमा ग्राम योजना' के तहत प्रत्येक जिले में कम से कम सौ परिवारों वाले एक गाँव का चयन कर हर परिवार के एक व्यक्ति को ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना के अंतर्गत लाया जाएगा। इसके साथ ही सभी सांसद आदर्श ग्रामों को भी इसके तहत लिया जायेगा। डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों हेतु विशेष रूप से  1995 में  'ग्रामीण डाक जीवन बीमा' आरम्भ की गई थी, ताकि बिना शहर जाये घर बैठे उन्हें इसका लाभ मिल सके।  

डाक  निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग ने नवीन टेक्नालॉजी अपनाते हुए कोर इंश्योरेंस सर्विस के तहत मैककेमिश सॉफ्टवेयर के माध्यम से बीमा सेवाओं को भी ऑनलाइन बनाया है। हाल ही में  'डाक जीवन बीमा' योजना का दायरा भी बढ़ा दिया गया है। पहले मात्र सरकारी व अर्द्धसरकारी कर्मचारियों तक सीमित  डाक जीवन बीमा अब निजी शिक्षण संस्थाओं /विद्यालयों/महाविद्यालयों आदि के कर्मचारियों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, प्रबंधन सलाहकारों, चार्टेड एकाउंटेंट, वास्तुकारों, वकीलों, बैंकर  जैसे पेशेवरों और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज तथा बम्बई स्टॉक एक्सचेंज के सूचीबद्ध कम्पनी के कर्मचारियों के लिए भी उपलब्ध होगी। श्री यादव ने डाकघर में खुले समस्त खातों को आधार और मोबाईल नंबर से जोड़ने पर भी जोर दिया, जिससे भविष्य में आने वाली सभी सरकारी योजनाओं का लाभ ग्राहकों को मिल सके।
पाली मंडल के डाक अधीक्षक डी.आर. सुथार ने कहा कि लोगों की आयु और आवश्यकता के हिसाब से ग्रामीण डाक जीवन बीमा की ग्राम संतोष, ग्राम सुमंगल, ग्राम सुरक्षा, ग्राम सुविधा, ग्राम प्रिया योजनायें हैं। न्यूनतम 10 हजार रूपये  से अधिकतम 10 लाख रूपये तक का बीमा इसमें किया जा सकता है। इसमें निवेश की सुरक्षा पर सरकार की गांरटी, आयकर में छूट, कम प्रीमियम व अधिक बोनस, पालिसी पर लोन की सुविधा, ऑनलाइन प्रीमियम जमा कराने की सुविधा और अग्रिम प्रीमियम पर छूट दी जाती है।
इस अवसर पर गरनिया ग्राम पंचायत  के सरपंच श्री गिरधारीलाल पन्नू ने डाक विभाग द्वारा  गरनिया ग्राम को "सम्पूर्ण बीमा ग्राम योजना" से जोड़ने की पहल की सराहना की। डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने  बीमाधारकों को ग्रामीण डाक जीवन बीमा के पॉलिसी बांड सौंपकर उनके सुखी भविष्य की कामना की।  सहायक डाक अधीक्षक संग्राम भंसाली, तरुण कुमार शर्मा, डाक निरीक्षक श्रवण कुमार ,पारसमल सुथार, शाखा डाकपाल पवन कुमार सहित तमाम अधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामवासी इस अवसर पर उपस्थित रहे।


Tuesday, January 2, 2018

राजस्थान की 6 बावड़ियों सहित देश की 16 प्राचीन बावड़ियों पर डाक विभाग द्वारा डाक टिकट जारी

राजस्थान की कला-संस्कृति-विरासत और स्थापत्य कला सदैव डाक टिकटों पर प्रमुखता से स्थान पाती रही है। इसी क्रम में डाक विभाग ने देश की 16 प्राचीन बावड़ियों पर डाक टिकट जारी किए हैं, जिनमें  राजस्थान की छह (06) ऐतिहासिक बावड़ियाँ  शामिल हैं।  

इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएँ  श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि राजस्थान में जोधपुर के तूरजी का  झालरा  सहित जयपुर की पन्ना मियाँ की बावड़ी, आभानेरी की चांद बावड़ी, बूंदी की रानीजी की बावड़ी एवं नागर सागर कुंड और अलवर की नीमराना बावड़ी पर डाक टिकट जारी किये गए हैं। इनमें नीमराना बावड़ी व नागर सागर कुंड पर जारी डाक टिकट 15 रूपये के और शेष डाक टिकट 5 रूपये के हैं।  श्री यादव ने कहा कि इन डाक टिकटों के  प्राप्त होते ही शीघ्र ही सभी फिलेटलिक ब्यूरो के माध्यम से बिक्री के लिए जारी किया जायेगा। 
डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि बावड़ियाँ प्राचीन काल से ही जल संरक्षण में अपना अहम योगदान देती रही हैं और इन डाक टिकटों के माध्यम से इस विरासत को जीवंत किया गया है।  इन बावड़ियों का निर्माण  बेहद खूबसूरती से किया गया है और आज भी ये बावड़ियाँ वास्तु और स्थापत्य कला की दृष्टि से मन मोह लेती हैं।  देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए बावड़ियाँ भी एक प्रमुख दर्शनीय स्थल हैं।