Friday, February 9, 2018

‘इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक’ पर कार्यशाला : डिजिटल व पेपरलेस आधार पर कार्य करेगा 'इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक’

'इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक’ आरम्भ करने की दिशा में डाक विभाग ने तेजी से कदम बढ़ाना शुरू कर दिया है। जोधपुर सहित राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों पर इसकी शाखा खोलने  के साथ-साथ सभी डाकघरों को भी इससे जोड़ा जायेगा, ताकि इसका फायदा ग्रामीण स्तर पर भी लोगों को मिल सके। उक्त उद्गार राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने   इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक पर क्षेत्रीय स्तर की एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारम्भ करते हुए व्यक्त किये। डीआरडीए सभागार, जोधपुर में 4 फरवरी, 2018 को आयोजित इस कार्यशाला में राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के अधीन सभी 13 जिलों के मण्डलाधीक्षक के साथ-साथ सभी हेड पोस्टमास्टर्स, सहायक अधीक्षक, डाक निरीक्षक और सिस्टम मैनेजर ने भाग लिया। डाक विभाग ने मार्च के अंत तक ‘इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक’ खोलने  का लक्ष्य रखा है। 
कार्यशाला का शुभारम्भ करते हुए निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने  कहा कि  इंडिया पोस्ट पेमेंटस  बैंक से उपभोक्ताओं के लिए आसान, कम कीमतों, गुणवत्तायुक्त वित्तीय सेवाओं की आसानी से पहुंच के लिए विभाग के विस्तृत नेटवर्क और संसाधनों का लाभ मिलेगा। गांवों, कस्बों और दूरदराज के इलाकों में बैंकिंग सुविधाओं से वंचित तथा कम बैंकिंग वाले इलाकों में भुगतान बैंक के जरिए लोगों को वित्तीय समावेशन से जोड़ा जायेगा। श्री यादव ने कहा कि पेमेंट बैंक पूर्णतया डिजिटल व पेपरलेस आधार पर कार्य करेगा और इसमें ई-केवाईसी के आधार पर  खाते खोले जायेंगे। डाकघरों के खाते जहाँ बचत में मददगार हैं, वहीं पेमेंट बैंक का खाता निचले स्तर तक लोगों को डिजिटल आधार पर नित्य-प्रतिदिन के खर्च को सुगम बनाएगा। ये अपने ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग के द्वारा भुगतान और धन भेजने की सेवाएं मुहैया कराएँगे।  


डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि इंडिया पोस्ट पेमेंटस  बैंक से मूल बैंकिंग, भुगतान और प्रेषण सेवाएं प्रदान करने के द्वारा वित्तीय समावेशन और बीमा, म्युचुअल फंड, पेंशन और ग्रामीण क्षेत्रों एवं बैंक रहित और बैंक के अंतर्गत कार्य करने वाले क्षेत्रों पर विशेष रूप से ध्यान देते हुए तीसरे पक्ष के वित्तीय प्रदाताओं के साथ समन्वय के माध्यम से ऋण तक पहुंच जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। पेमेंट बैंक से डाक विभाग देश भर के सुदूर ग्रामीण हिस्सों तक अपने 1.55  लाख डाकघरों के जरिये पहुंच बनाएगा। 
इस अवसर पर सहायक डाक अधीक्षक (प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट)  राजेंद्र सिंह भाटी ने  पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन द्वारा  इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक के बारे में जानकारी दी। ये बैंक अपने ग्राहक से एक लाख रुपये तक की राशि जमा कर सकते हैं। ये एटीएम/डेबिट कार्ड जारी करेंगे, लेकिन क्रेडिट कार्ड नहीं।  

इस अवसर पर प्रवर डाक अधीक्षक जोधपुर बी. आर. सुथार, सहायक निदेशक ईशरा राम, भंवरूराम, लेखाधिकारी डी.आर. सैनी, सहायक डाक अधीक्षक  पुखराज राठौड़, राजेंद्र सिंह भाटी, सुदर्शन सामरिया, अनिल कौशिक, डाक निरीक्षक पारस मल सुथार, जगदीश सिंह, ओपी चांदोरा, विजय सिंह  सहित तमाम डाक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।






‘इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक’ पर एक दिवसीय कार्यशाला का डाक निदेशक केके यादव ने किया शुभारम्भ 
डिजिटल व पेपरलेस आधार पर कार्य करेगा 'इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक’-डाक निदेशक केके यादव

Saturday, February 3, 2018

अब डाकघरों में भी बनेंगे आधार कार्ड : जोधपुर प्रधान डाकघर में डाक निदेशक केके यादव ने किया शुभारम्भ

भारत सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी आधार AADHAAR योजना  में अब डाकघर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। आधार नामांकन और अद्यतनीकरण (Aadhaar Enrolment & Updation Service) की सुविधा डाकघरों में उपलब्ध कराई जाएगी। इसी क्रम में राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने  जोधपुर प्रधान डाकघर में आधार एनरोलमेंट सेण्टर का शुभारम्भ किया। प्रथम ग्राहक के रूप में 3 वर्षीया बच्ची अजीन ने अपने आधार कार्ड हेतु आवेदन किया।
इस अवसर डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि  डाकघरों में आधार कार्ड बनने से लोगों को इसके लिए भटकना नहीं पड़ेगा और  लोगों का डेटा भी सुरक्षित हाथों में होगा। प्रधान डाकघरों के बाद सभी द्विपदीय डाकघरों में भी आधार कार्ड एनरोलमेंट और अपडेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। श्री यादव ने कहा कि राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के 248 डाकघरों में  आधार कार्ड एनरोलमेंट सेंटर आरम्भ किये जायेंगे, जिसमें जोधपुर जिले के 26 डाकघर शामिल हैं। द्विपदीय डाकघरों में इस सुविधा से ग्रामीण लोगों और दूर-दराज में रह रहे लोगों को काफी सहूलियत होगी। 
प्रवर डाक अधीक्षक श्री बी. आर. सुथार ने बताया कि डाकघरों में आधार कार्ड बनाने हेतु आवेदनकर्ता को कोई शुल्क नहीं देना होगा। उन्हें अपना पहचान पत्र और पते का प्रमाण देना होगा।
गौरतलब है कि प्रधान डाकघर जोधपुर में 10 जुलाई 2017 को आधार अपडेशन सेन्टर की शुरुआत की गई थी, जिसमें लोगों को अपने आधार कार्ड के डेटा को अपडेट करवाने की सुविधा प्रदान की गई थी। अभी तक प्रधान डाकघर जोधपुर में लगभग 6 हजार लोगों ने अपना आधार कार्ड अपडेट करवाया है। अब यह आधार एनरॉलमेन्ट व अपडेशन सेन्टर के रूप में कार्य करेगा।
इस अवसर पर सीनियर पोस्टमास्टर आर.पी. कुशवाहा, सहायक डाक अधीक्षक पाल सिंह सिद्धू, विनय खत्री, राजेंद्र सिंह भाटी, डाक निरीक्षक पारस मल सुथार, मुकेश सोनी, संदीप मोदी, राकेश दाधिच, विजय सिंह, ओपी चांदोरा सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





डाक जीवन बीमा के 134 वर्ष पूरे होने पर मनाया गया ‘डाक जीवन बीमा दिवस’

डाक विभाग पत्रों के वितरण के साथ-साथ जीवन बीमा के क्षेत्र में भी एक लम्बे समय से कार्यरत है। 1 फरवरी 1884 को आरंभ 'डाक जीवन बीमा' भारत में सरकारी व अर्द्ध सरकारी कर्मचारियों के लिए सबसे पुरानी बीमा योजना है, जिसे हाल ही में निजी क्षेत्र के प्रोफेशनल्स के लिए भी आरम्भ किया गया है। उक्त उद्गार राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने डाक जीवन बीमा के गौरवशाली 134 वर्ष पूर्ण होने पर  जोधपुर प्रधान डाकघर मेन आयोजित ”डाक जीवन बीमा दिवस” पर व्यक्त किए। 
डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि बीमा के क्षेत्र में भी डाक विभाग नित नये आयाम स्थापित कर रहा है। डाकघरों में लोगों की आयु और आवश्यकता के हिसाब से जीवन बीमा की तमाम योजनायें हैं, जिनमें सुरक्षा, संतोष, सुविधा, युगल सुरक्षा, सुमंगल व चिल्ड्रेन पालिसी शामिल हैं। राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर में वर्तमान में कुल 7 लाख, 94 हजार 168 पॉलिसियाँ संचालित हैं, जिनमें  डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा में क्रमश: 78,312 और 7,15,856 पॉलिसियाँ हैं। वर्तमान वित्तीय वर्ष में कुल 7,902 पॉलिसियाँ जारी की गईं, जिनमें कुल बीमित राशि 2 अरब 15 करोड़ 88 लाख के सापेक्ष 7 करोड़ 90 लाख रूपये का प्रथम प्रीमियम और 107 करोड़ 52 लाख रूपये का कुल प्रीमियम अर्जित किया गया।

डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि जीवन बीमा आज के दौर की एक अनिवार्य आवश्यकता है एवं  डाक विभाग अपने विस्तृत नेटवर्क के माध्यम से सुदूर क्षेत्र में रह रहे लोगों को भी बीमित करने के लिए संकल्प है। एक अभिनव पहल करते हुए जोधपुर रीजन के अधीन  13   गाँवों में सभी योग्य लोगों का बीमा करते हुए इन्हें "सम्पूर्ण बीमा ग्राम" बना दिया गया है।  इसके तहत सभी सांसद आदर्श ग्रामों को भी शीघ्र कवर किया जायेगा। 

डाक जीवन बीमा के अन्तर्गत लाभों की चर्चा करते हुए जोधपुर  मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक श्री बी. आर. सुथार  ने कहा कि निवेश की सुरक्षा पर सरकार की गांरटी, धारा 88 के तहत आयकर में छूट, कम प्रीमियम व अधिक बोनस, पालिसी पर लोन की सुविधा, ऑनलाइन प्रीमियम जमा करने की सुविधा,  देश के किसी भी डाकघर में प्रीमियम जमा करने की सुविधा और अग्रिम प्रीमियम पर छूट दी जाती है। डाक जीवन बीमा में  अधिकतम बीमित सीमा  50 लाख और ग्रामीण  डाक जीवन बीमा में 10 लाख है।
इस दौरान राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के अंतर्गत विभिन्न जगहों पर डाक बीमा मेले लगाकर ‘डाक जीवन बीमा दिवस’  मनाया गया, जिसमें लोगों  को इसके बारे में जागरूक किया गया और लोगों का बीमा भी किया गया। बीमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न डाक कर्मियों को सम्मानित भी किया गया। जोधपुर में आयोजित कार्यक्रमों में सीनियर पोस्टमास्टर आर.पी. कुशवाहा, सहायक अधीक्षक उदय शेजू, पाल सिंह सिद्धू, विनय कुमार खत्री, निरीक्षक संदीप कुमार मोदी, पारसमल सुथार, मुकेश सोनी, चतुर्भुज पालीवाल सहित डाक विभाग के तमाम अधिकारी-कर्मचारी व नागरिकजन उपस्थित रहे।



जैसलमेर प्रधान डाकघर में डाक निदेशक के.के.यादव ने किया रोजगार पंजीकरण केंद्र का शुभारंभ

बेरोजगार युवाओं के लिए पहल करते हुए पोस्ट ऑफिस अब उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की सहूलियत भी प्रदान करेगा। इसी क्रम में रोजगार पंजीकरण केंद्र का शुभारंभ राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव ने 30 जनवरी, 2018 को जैसलमेर प्रधान डाकघर में किया। इस अवसर पर उन्होंने बेरोजगार युवक-युवतियों का रोजगार पंजीयन करवाकर रसीदें भी  सौंपी।
इस अवसर पर डाक निदेशक श्री क़ृष्ण कुमार यादव ने कहा कि लोगों को रोजगार पंजीकरण के लिए अब सेवायोजन या रोजगार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बेरोजगार और अध्ययनरत युवक प्रधान डाकघर में नेशनल कैरियर सर्विस (www.ncs.gov.in) ऑनलाइन पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकेंगे।पंजीकरण होने के पश्चात डाकघर द्वारा एक प्रिन्टआउट दिया जाएगा जिसमें रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य जानकारी दर्ज होगी।  डाक विभाग एवं श्रम व रोजगार मंत्रालय ने एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं,जिसके तहत डाकघर रोजगार पंजीकरण केंद्र के रूप में भी कार्य करेंगे। 
डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि यह पोर्टल रोजगार के इच्छुक,रोजगार प्रदाता,स्किल प्रोवाइडर्स, कैरियर काउन्सलर इत्यादि सभी के सम्बन्ध में जानकारी उपलब्ध कराता है। इस पोर्टल पर पंजीकृत होने के बाद बेरोजगार युवक 52 सेक्टरों में उपलब्ध 3,000 तरह के व्यवसायों की अपडेट जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। पोर्टल के जरिये यह जानकारी भी मिलेगी की किस कोर्स के लिए कौन सा सैक्टर ठीक होगा तथा रोजगार के अवसर कहाँ उपलब्ध है। इसके जरिये स्किल डेवलेपमेंट तथा कैरियर विकल्प बताए जायेंगे। 

डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग ने टेक्नोलोजी  के साथ अपने को अपडेट करते हुये कस्टमर-फ्रेंडली सेवाओं का दायरा भी बढ़ाया है। शहरी से लेकर ग्रामीण स्तर तक डाक सेवाओं में आमूलचूल परिवर्तन किए गए हैं।जैसलमेर प्रधान डाकघर में पासपोर्ट सेवा,पवित्र गंगाजल बिक्री, एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट, पंखों की अनुदानित दर पर बिक्री, सोवेरन गोल्ड बॉन्ड, पोस्टशोपी, माईस्टैम्प, शाखा डाकघरों में स्पीड पोस्ट की बुकिंग, इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस, आधार कार्ड अपडेशन जैसी तमाम अभिनव पहल की गई हैं। श्री यादव ने कहा कि जैसलमेर प्रधान डाकघर में शीघ्र ही आधार एनरोलमेंट सेंटर भी खोला जाएगा। 

जैसलमेर प्रधान डाकघर के हेड पोस्टमास्टर किशना राम गर्ग ने कहा कि नए बेरोजगार पंजीकरण हेतु 15 रुपए,पंजीकृत प्रोफ़ाइल को अपडेट करवाने हेतु 5 रुपए और आवेदन-पत्र के प्रिन्टआउट के लिए 10 रुपए लगेंगे। 
इस अवसर पर सहायक डाक अधीक्षक राजेंद्र सिंह भाटी,डाक निरीक्षक सुमित सैनी,सहायक डाकपाल रवि गंदरिया,सिस्टम मैनेजर नारायण राम, पवन कुमार, थानाराम परिहार सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





Friday, February 2, 2018

अब नई यूनिफॉर्म में नजर आएंगे पोस्टमैन, NIFT ने डिजाइन की ड्रेस

डाकिया अब खादी से बनी नई ड्रेस में नजर आएंगे। डाक विभाग में पोस्टमैन और एम. टी. एस कर्मचारियों के लिए  29 जनवरी, 2018 को  नई ड्रेस लॉन्च की गई, जिसे  नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नॉलजी (NIFT) ने डिजाइन किया है। 
नई ड्रेस के तहत अब डाकिया पारंपरिक गांधी टोपी की जगह पी-कैप पहनेंगे। ड्रेस का रंग खाकी ही रखा गया है। इस ड्रेस में जेब और टोपी पर भारतीय डाक का लोगो नजर आएगा और कंधों और कालर पर लाल धारियां लगाई गई हैं। पोस्टमैन और पोस्टवुमन दोनों के लिए रंग एक ही है। पुरुषों के लिए नई ड्रेस की कीमत 15,00 रुपये जबकि महिलाओं के लिए 1700 रुपये है। 
संचार मंत्री मनोज सिन्हा ने नई ड्रेस को लॉन्च करने के अवसर पर कहा, ‘प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी खादी को बढ़ावा दे रहे हैं। हमने करीब 25 दिन पहले इस प्रक्रिया को शुरू कर दिया था और खाकी रंग में इस खादी वर्दी के साथ आने का फैसला किया।’