Monday, September 19, 2016

जोधपुर और बीकानेर रेल डाक सेवा (आरएमएस) में अब मिलेगी 24 घंटे स्पीड पोस्ट बुकिंग सुविधा

आमजन की सुविधा के लिए डाक विभाग द्वारा जोधपुर में 24 घंटे स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा आरम्भ की गयी है। इस क्रम मे राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि जोधपुर और बीकानेर में रेलवे स्टेशन पर स्थित रेल डाक सेवा के काउन्टर पर 19 सितंबर, 2016 से 24 घंटे स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा आरम्भ की गयी है। यह सुविधा रविवार एवं अवकाश के दिन भी मुहैया होगी। 

डाक निदेशक श्री यादव ने बताया कि इस सुविधा से जोधपुर और बीकानेर शहर में आने वाले पर्यटकों, व्यवसायियों और विद्यार्थियों को अत्यधिक लाभ होगा एवं रेल यात्रा कर रहे लोग भी किसी भी समय स्पीड पोस्ट बुकिंग करा सकते हैं। 

गौरतलब है कि जोधपुर प्रधान डाकघर मे सायं 05 बजे तक एवं शास्त्री नगर मुख्य डाकघर व कचहरी उपडाकघर में सांय 04 बजे तक और अन्य विभागीय उपडाकघरो में 03 बजे तक स्पीड पोस्ट बुकिंग की जाती है। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर स्थित रेल डाक सेवा के काउंटर से शाम 04 बजे से रात्रि 10 बजे तक बुकिंग की जाती थी। पर अब लोग 24 घन्टे स्पीड पोस्ट बुक करा सकेंगे.

 एल आर परिहार अधीक्षक, रेल डाक सेवा, एसटी मंडल, जोधपुर, ने बताया कि उक्त बुकिंग काउन्टर का पर्याप्त प्रचार प्रसार किया जायेगा ताकि जोधपुर और बीकानेर की जनता को इस सुविधा का लाभ अधिक से अधिक मिल सके।




जोधपुर प्रधान डाकघर में वृहद डाक मेले का सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत ने किया उद्घाटन

डाक विभाग देश के सबसे पुराने विभागों में से एक है। देश के हर दरवाजे पर अपनी पहुँच के साथ लोगों की विश्वसनीयता पर डाक विभाग सदैव खरा उतरा है। सरकार की दूरदर्शिता व  डाक विभाग के अथक परिश्रम की बदौलत ही आज के इस प्रतिस्पर्धा के युग में भी डाक विभाग जनता के लिए संचार का सबसे विश्वसनीय माध्यम बना हुआ है। सामाजिक और आर्थिक समावेशन में डाक विभाग की अहम भूमिका है । संचार के साथ ही आज बैंकिंग व बीमा क्षेत्र में भी अपनी पहल के फलस्वरूप डाक विभाग देश की गरीब जनता के लिए बचत के अवसर भी प्रदान करवा रहा है तथा नई-नई पारियोजनाओं के फलस्वरूप यह विभाग इस देश के जनमानस का मुख्य आधार बन चुका है। उक्त उद्ग़ार जोधपुर के सांसद (लोकसभा) श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने 18 सितंबर, 2016 को जोधपुर प्रधान डाकघर में आयोजित वृहद डाक मेले में मुख्य अतिथि के रूप में कहीं। इस अवसर पर राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती शिउली बर्मन और निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव भी मौजूद रहे।


डाक विभाग द्वारा भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के सम्बन्ध में  लगाए गए डाक मेले की सराहना करते हुए सांसद श्री शेखावत ने कहा कि ऐसे आयोजनों से जनता में जागरूकता बढ़ती है और लोग तमाम योजनाओं का फायदा उठा पाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा आरम्भ सुकन्या समृद्धि योजना की चर्चा करते हुए सांसद श्री शेखावत ने कहा कि इससे बालिकाओं का आर्थिक सशक्तिकरण होगा और उनकी उच्च शिक्षा और  विवाह में काफी सुविधा होगी। देश में मुख्यधारा से वंचित लोगों व उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से आरम्भ अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन में भी डाकघरों द्वारा एक मुख्य व सक्रिय भूमिका का निर्वहन किया जा रहा है।
इस अवसर पर राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर की पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती शिउली बर्मन ने कहा कि वक़्त के साथ डाक सेवाओं में तमाम परिवर्तन आये हैं।  डाक विभाग अपने ग्राहकों को बेहतर सेवा देने के लिए तत्पर है और इस दिशा में लोगों से समय-समय पर संवाद के साथ-साथ विभाग ने अपनी सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया है। ई-काॅमर्स को बढ़ावा देने हेतु मेकेनाइज्ड डिलीवरी, लेटर बाक्स से नियमित डाक निकालने हेतु नन्यथा मोबाईल एप एवं डाकघरों में कोर इंश्योरेंस, कोर बैंकिंग, एटीएम जैसी तमाम आधुनिक सेवाओं का समावेश हुआ है। उन्होंने कहा कि डाक सेवाएं  नवीनतम टेक्नालॉजी को अपनाते हुए नित्य नए आयाम रच रही हैं।
राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग लोगों के सुख-दुःख में बराबर रूप से जुड़ा हुआ है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने इस बार स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से अपने संबोधन में भी डाक विभाग का जिक्र करते हुए डाकियों की भूमिका की प्रशंसा की। डाक विभाग को पेमेंट बैंक का दर्जा मिलने के बाद इसकी सेवा और पहुँच में और भी इजाफा होगा। श्री यादव ने कहा कि डाकघरों को ऐसी जगह के रूप में विकसित किया जा रहा है,  जहाँ ग्राहकों को एक ही जगह पर जनोपयोगी सेवाएँ मिल सकें और आम आदमी को अपने दरवाजे पर ही आसानी से और सस्ती सेवाएँ प्रदान की जा सकें। डाकघरों में हर वर्ग और उम्र के हर पड़ाव के लिए अलग-अलग बचत और डाक जीवन बीमा योजनाएँ हैं। श्री यादव ने कहा कि डाक विभाग का उद्देश्य समावेशी विकास के तहत शहरों के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण अंचल स्थित लोगों को भी सभी योजनाओं के तहत लाना है। इसी क्रम में ग्रामीण शाखा डाकघरों को भी तकनीकी तौर पर दक्ष बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण आईसीटी के तहत  हाईटेक किया जायेगा और वहाँ पर नेटबुक व हैण्डहेल्ड डिवाइस भी दिया जायेगा।



 इस अवसर पर सांसद श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने केन्द्र सरकार द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया एवं उन्हें सुकन्या समृद्धि योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा से सम्बंधित पासबुकें, पॉलिसी बांड एवं सर्टिफिकेट प्रदान किए। डाक टिकटों पर अपनी फोटो योजना के तहत उन्होने लोगों को “माई स्टैम्प” भी दिये। सांसद श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने इस अवसर पर जोधपुर प्रधान डाकघर में राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र की प्रथम पोस्ट शॉपी और कम्प्यूटराईज्ड पैसेंजर रेलवे सिस्टम टिकट काउंटर का उद्घाटन भी किया।


कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत प्रवर डाक अधीक्षक  श्री पी.आर. कड़ेला, आभार ज्ञापन सीनियर पोस्टमास्टर श्री एल. एस. पटेल और संचालन सहायक अधीक्षक अनिल कुमार कौशिक ने किया। इस अवसर पर  सहायक निदेशक इशरा राम, कानसिंह राजपुरोहित, सहायक डाक अधीक्षक विनय कुमार खत्री, राजेन्द्र सिंह भाटी, उदय शेजू, सुदर्शन सामरिया सहित डाक विभाग के तमाम अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बचत अभिकर्तागण व नागरिकजन उपस्थित रहे।





Sunday, September 18, 2016

जोधपुर प्रधान डाकघर में आरंभ हुई पोस्ट शॉपी, सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत ने किया उद्घाटन


राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र की प्रथम पोस्ट शॉपी प्रधान डाकघर, जोधपुर  में आरम्भ हुई।  इसका  उद्घाटन 18 सितंबर, 2016 को जोधपुर के सांसद (लोकसभा) श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने किया। इस अवसर पर राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती शिउली बर्मन और निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव भी मौजूद रहे।

सांसद श्री शेखावत ने  कहा कि पश्चिमी देशों में पोस्ट शॉपी का प्रचलन बहुतायत में है, पर भारत में इसका प्रयोग नया है। उन्होंने जोधपुर में पोस्ट शॉपी का शुभारम्भ किये जाने को एक शानदार पहल बताया। डाक विभाग की इस पहल से जोधपुर आने वाले पर्यटकों को काफी सहूलियत होगी, वहीं डाक विभाग को इससे राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी। 

राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती शिउली बर्मन ने कहा कि डाकघर में आनेवाले ग्राहकों एवं पर्यटकों की सहूलियत के लिए पैकिंग मैटीरियल व पार्सल  बुकिंग की सुविधा भी पोस्ट शॉपी पर उपलब्ध कारवाई जाएगी। जोधपुर के अलावा पश्चिमी क्षेत्र में बीकानेर और झुंझुनू में भी पोस्ट शॉपी आरम्भ की जाएगी। 


इस अवसर पर राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि पोस्ट शॉपी के माध्यम से डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं  की विस्तृत जानकारी भी  आने वाले ग्राहकों को मिल सकेगी।  घर बैठे डाक टिकट प्राप्त करने की सुविधा के तहत फिलाटेलिक डिपॉज़िट अकाउंट खोलने  एवं मात्र 300/- रुपये  में अपनी फोटो वाली  डाक टिकट  की सुविधा भी पोस्ट शॉपी पर उपलब्ध होगी।  चूँकि, डाकघरों में बड़ी संख्या में लोग आते है, ऐसे में उनके  लिए पोस्ट शॉपी एक अभिनव कदम होगा।  डाक निदेशक  श्री क़ृष्ण कुमार यादव ने बताया कि पोस्ट शॉपी में डाक टिकट और डाक स्टेशनरी, फिलेटेलिक प्रोडक्टस, माई स्टैम्प सुविधा, डाक टिकट एल्बम, ग्रीटिंग कार्ड्स, स्टेश्नरी आइटम, प्रिंटेड मग, पिक्चर पोस्टकार्ड्स, पुस्तकें, गिफ्ट संबंधी आइटम्स  एवं  हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की  बिक्री होगी। ऋषिकेश एवं गंगोत्री का पवित्र गंगाजल भी पोस्ट शॉपी पर बिक्री हेतु उपलब्ध रहेगा। इस योजना के माध्यम से स्कूली बच्चों और युवाओं को भी डाकघर के प्रति आकर्षित किया जा सकेगा।











जोधपुर प्रधान डाकघर में कम्प्यूटराईज्ड पैसेंजर रेलवे सिस्टम टिकट काउंटर का शुभारंभ

प्रधान डाकघर, जोधपुर  में कंप्यूटरीकृत रेलवे यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस : कम्प्यूटराईज्ड पैसेंजर रेलवे सिस्टम) टिकट काउंटर का उद्घाटन 18 सितंबर, 2016 को जोधपुर के सांसद (लोकसभा) श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने किया। इस अवसर पर राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती शिउली बर्मन और निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव भी मौजूद रहे। इससे आम जनता को रेलवे टिकट के आरक्षण की सुविधा अब जोधपुर प्रधान डाकघर में भी मिलने लगेगी। इससे पूर्व यह सुविधा सिर्फ नंदन वन स्थित डाकघर में उपलब्ध थी।

Saturday, September 17, 2016

राजस्थान में पाली जिले का प्रथम “सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि योजना ग्राम” बना बांसिया गाँव


 आज बेटियाँ समाज में नित नये मुकाम हासिल कर रही हैं। बेटियों की समृद्धि और खुशहाली में ही समाज का भविष्य टिका हुआ है। इसीलिए बेटियों की उच्च शिक्षा, कैरियर और उनके विवाह में सुविधा के लिए 10 वर्ष तक की बेटियों हेतु डाकघरों में सुकन्या समृद्धि योजना आरंभ की गयी है। उक्त उद्गार राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने पाली जनपद  के रायपुर  स्थित बांसिया गाँव में सुकन्या समृद्धि योजना के लिये 17 सितंबर, 2016  को आयोजित मेले में व्यक्त किये। गाँव की 10 वर्ष तक की समस्त 139 योग्य बालिकाओं के सुकन्या खाते खोलकर बांसिया गाँव पाली जिले  का प्रथम “सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि योजना ग्राम” बन गया है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्र्म में मुख्य अतिथि के रूप में अपने सम्बोधन में  निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने "बेटी बचाओ, बेटी पढाओ” के अंतर्गत बालिकाओं  के राष्ट्र निर्माण पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना सिर्फ निवेश का एक माध्यम नहीं है, बल्कि यह बालिकाओं के उज्ज्वल व समृद्ध भविष्य से भी जुडा हुआ हैं। इस योजना के आर्थिक के साथ साथ सामाजिक आयाम महत्वपूर्ण हैं। इसमें जमा धनराशि पूर्णतया बेटियों के लिए ही होगी, जो उनकी शिक्षा, कैरियर  एवं विवाह में उपयोगी होगी। सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के सपनों को पूरा करने का सशक्त माध्यम हैं। श्री यादव ने कहा कि कहा कि हर बेटी को उसके जन्म पर माँ-बाप  द्वारा सुकन्या समृद्धि खाता उपहार स्वरूप देकर नई परम्परा का सूत्रपात करना चाहिये। 

 डाक विभाग की योजनाओं की चर्चा करते हुए डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग का उद्देश्य समावेशी विकास के तहत शहरों के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण अंचल स्थित लोगों को भी इन सभी योजनाओं के तहत लाना है। इसके तहत आने वाले दिनों में ग्रामीण डाक सेवकों सहित विभाग के सभी कर्मचारियों को सूचना प्रौद्योगिकी  के माहौल में प्रभावकारी तरीके से कार्य करने के लिए तैयार करना है। इसी क्रम में ग्रामीण शाखा डाकघरों को भी तकनीकी तौर पर दक्ष बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण आईसीटी के तहत हाईटेक किया जायेगा और वहाँ पर नेटबुक व हैण्डहेल्ड डिवाइस भी दिया जायेगा। शाखा डाकघरों को सोलर चार्जिंग उपकरणों से जोडने के साथ-साथ मोबाइल थर्मल प्रिन्टर, स्मार्ट कार्ड रीडर, फिंगर प्रिन्ट स्कैनर, डिजिटल कैमरा एवं सिगनेचर व दस्तावेज स्कैनिंग के लिये यन्त्र भी मुहैया कराया जायेगा ताकि ग्रामीण लोगों को इन सुविधाओं के लिये शहरों की तरफ न भागना पडे।
               
 इस अवसर पर पाली मण्डल के  अधीक्षक डाकघर श्री  डी. आर. सुथार  ने कहा कि पाली जिले के नोवी, चावण्डिया, कानुजा, धुंधला, राजोलाखुर्द, बिसलपुर, बारवा गाँवों को भी इसी वित्तीय वर्ष में संपूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम बनाया जाएगा । उन्होने बताया कि किसी भी डाकघर  में दस साल तक की बालिकाओं का सुकन्या समृद्धि खाता खुलवा सकते है। इसमें एक वित्तीय वर्ष में न्यूनतम 1,000 और अधिकतम डेढ़ लाख रूपये तक जमा किये जा सकते हैं। इस योजना में खाता खोलने से मात्र 15  वर्ष तक धन जमा कराना होगा।  बेटी की उम्र 18 वर्ष होने पर जमा राशि का 50 प्रतिशत व सम्पूर्ण राशि 21 वर्ष पूरा होने पर निकाली जा सकती है। ब्याज दर 8.6 प्रतिशत हैं और जमा धनराशि में आयकर छूट का भी प्रावधान है।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी रायपुर श्री मोहन लाल खटनवालिया ने इस योजना की भूरि-भूरि प्रशंसा कर लोकप्रिय एवं कल्याणकारी योजना बताया तथा कहा कि बालिकाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया यह प्रयास एक मील का पत्थर साबित होगा। 


इस अवसर पर श्रीमती मीनू गंगवानी, सरपंच बांसिया ग्राम पंचायत ने डाक विभाग की इस पहल की सराहना की और कहा कि ग्रामवासियों के लिए यह अत्यन्त गर्व की बात हैं कि यह जिले  का प्रथम “सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि योजना ग्राम” बनकर “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को मूर्त रूप दे रहा है।

डाक निदेशक श्री कृष्ण कुमार यादव ने बालिकाओं को पासबुकें उपहार देकर उनके सुखी व समृद्ध भविष्य की कामना की। श्री यादव ने सरपंच श्रीमती मीनू गंगवानी के प्रयासों की सराहना की और आशा व्यक्त की कि बेटियों के लिए ऐसे प्रयास अन्य गांवों में भी किये जायेंगे।
         
 इस अवसर पर सहायक डाक अधीक्षक सर्वश्री पुखराज राठौड़, राजेन्द्र सिंह भाटी, धर्मपाल सिंह, डाक निरीक्षक श्रवण कुमार भाटी, शहनाज़ खान, उपडाकपाल पिपलियाँ कलां माणक चन्द, शाखाडाकपाल बांसिया कृष्णगोपाल, प्रधानाध्यापिका, राजकीय उच्च माध्यमिक विध्यालय, बांसिया श्रीमती पिंकी जैन, प्रधान पंचायत समिति रायपुर श्रीमती शोभा चौहान सहित तमाम स्थानीय जनप्रतिनिधि व गाँववासी  उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जेपाराम सेंगर ने किया। 















Wednesday, September 14, 2016

सृजन एवं अभिव्यक्ति की दृष्टि से हिंदी दुनिया की अग्रणी भाषाओं में - डाक निदेशक केके यादव


सृजन एवं अभिव्यक्ति की दृष्टि से हिंदी दुनिया की अग्रणी भाषाओं में से एक है। हिन्दी सिर्फ एक भाषा ही नहीं बल्कि हम सबकी पहचान है, यह हर हिंदुस्तानी का हृदय है। हिन्दी को राष्ट्रभाषा  किसी सत्ता ने  नहीं बनाया, बल्कि भारतीय भाषाओं और बोलियों के बीच संपर्क भाषा के रूप में जनता ने इसे चुना। उक्त उद्गार राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएं एवं साहित्यकार कृष्ण कुमार यादव ने पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में 14 सितंबर को आयोजित हिन्दी दिवस और पखवाड़ा का शुभारंभ करते हुये कहीं।

निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि हिन्दी में विश्व भाषा बनने की क्षमता है। जैसे-जैसे विश्व में भारत के प्रति दिलचस्पी बढ़ रही है, वैसे-वैसे हिन्दी के प्रति भी रुझान बढ़ रहा है। आज परिवर्तन और विकास की भाषा के रूप में हिन्दी के महत्व को नये सिरे से रेखांकित किया जा रहा है।  हिन्दी आज सिर्फ साहित्य और बोलचाल की ही भाषा नहीं, बल्कि विज्ञान-प्रौद्योगिकी से लेकर संचार-क्रांति और सूचना-प्रौद्योगिकी से लेकर व्यापार की भाषा भी बनने की ओर अग्रसर है। श्री यादव ने कहा कि एक लंबे समय तक हिन्दी के अखबारों, पत्रिकाओं, रेडियो, टीवी और सिनेमा ने हिन्दी के प्रसार में अहम भूमिका निभाई, वहीं इण्टरनेट के विस्तार और वर्ष 2007 में यूनिकोड फॉण्ट आने के बाद हिन्दी और भी समृद्ध हुई । डिजिटल क्रान्ति के इस युग में वेबसाइट्स, ब्लॉग और फेसबुक व टविटर जैसे  सोशल मीडिया ने तो हिन्दी का दायरा और भी बढ़ा दिया है।

डाक निदेशक श्री  कृष्ण कुमार यादव ने हिन्दी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्व की सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषाओं में हिन्दी की गणना हो रही है। दुनिया में चीन की मंदारिन भाषा के बाद हिन्दी बोलने वालों की संख्या सर्वाधिक है। विश्व भर में हिन्दी बोलने वाले 50 करोड़ तो इसे समझने वालों की संख्या 80 करोड़ है।  विश्व के लगभग 150 विश्वविद्यालयों में हिन्दी पढ़ाई जाती है, जो कि हिन्दी की बढ़ती लोकप्रियता का परिचायक है।  वैश्वीकरण के इस दौर में आर्थिक उदारीकरण ने हिन्दी को और बढ़ावा दिया क्योंकि बाजार को लोगों तक पहुँच स्थापित करने के लिए उनकी भाषा में ही संवाद करना होता है।

सहायक निदेशक (राजभाषा) इशरा राम ने इस अवसर पर हिंदी पखवाड़ा के दौरान डाक विभाग द्वारा मनाये जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों से भागीदारी की अपील की। सहायक निदेशक कान  सिंह राजपुरोहित ने कहा कि 14 सितंबर, 1949 को ही संवैधानिक रूप से हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया गया था।  संविधान के अनुच्छेद 343 में यह प्रावधान किया गया है कि देवनागरी लिपि के साथ हिन्दी भारत की राजभाषा होगी। वरिष्ठ लेखा अधिकारी एम्. जे. व्यास ने  कहा कि हिंदी पूरे देश को जोड़ने वाली भाषा है और सरकारी कामकाज में भी इसे बहुतायत में अपनाया जाना चाहिये।

कार्यक्रम में  सहायक अधीक्षक बी. आर. राठौड़, पुखराज राठौड़, अनिल कौशिक, जमुना देवी, रमेश गुर्जर, ओपी चांदोरा सहित तमाम विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डाक निरीक्षक सुदर्शन सामरिया और आभार ज्ञापन सहायक डाक अधीक्षक राजेंद्र सिंह भाटी  द्वारा किया गया।

हिंदी दिवस : डाक विभाग में हिंदी पखवाड़े का शुभारम्भ 
यूनिकोड फॉण्ट से समृद्ध हुई राष्ट्रभाषा हिन्दी ( साभार : राजस्थान पत्रिका)